बहुत डाल लीं नाटियां, अब जगह-जगह विदाई ले रहे सीएम : मुकेश अग्निहोत्री

Tuesday, Nov 01, 2022 - 06:56 PM (IST)

चम्बा (काकू): कांग्रेस की सरकार आ रही है। उसके बाद मित्रां दा नां चलदा। हर तरफ आपका डंका बजेगा। जनता का जो हुकम होगा, उसकी तामील की जाएगी। यह बात नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने चम्बा के हरिपुर में कांग्रेस की जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि चम्बा में भी पंजा 5 लेकर आएगा। मुख्यमंत्री जगह-जगह विदाई ले रहे हैं। बहुत नाटियां डाल लीं और हैलीकॉप्टर में उड़ लिए। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर व प्रेम कुमार धूमल सिसक रहे हैं। हंसराज के तो क्या कहने। शांता खामोश हैं। उन्होंने कहा कि 12 दिन बाद सीएम गा रहे होंगे कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नामांकन के दिन जब उनका मंच टूटा तो सीएम ने कहा कि तंबू उड़ गया लेकिन वह सीएम का तंबू साथ लेकर ही उड़ेंगे। उस घटना में 15 लोग घायल हुए हैं। सरकार ने कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई, उसका मजाक बनाया गया। उन्होंने कहा कि चम्बा की हवाओं ने पूरे हिमाचल में कांग्रेस की लहर बनाई है। चम्बा सीट से मियां नहीं चलेगा, अब बीबी सही है। कांग्रेस प्रत्याशी 10000 से अधिक मतों से जीत दर्ज करेगा।

दिसम्बर से ही बहाल की जाएगी पुरानी पैंशन
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही दिसम्बर में ओपीएस को बहाल किया जाएगा। कर्मचारियों को पैंशन देने वाली सिर्फ कांग्रेस की ही सरकार है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कर्मचारियों की पैंशन बंद करके सबसे गलत काम किया था। हम अपने खजाने से पैंशन देंगे। इसी तरह दिसम्बर में ही महिलाओं के खाते में 1500 रुपए आना शुरू हो जाएंगे। आऊटसोर्स कर्मियों को 6 माह के भीतर सरकारी सेवा में लिया जाएगा और बिचौलिए बाहर किए जाएंगे। मनरेगा की दिहाड़ी 350 रुपए की जाएगी। पिछले 6 महीने में सरकार ने जो फैसले लिए हैं, उनकी समीक्षा की जाएगी।

अमरीका का राष्ट्रपति भी नहीं बचा सकता जयराम की कुर्सी
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से 15-15 हैलीकाॅप्टर उड़ रहे हैं। केंद्र से प्रचार के लिए नेता बुलाए जा रहे हैं लेकिन अमरीका का राष्ट्रपति भी आ जाएगा तो भी जयराम को नहीं बचा पाएगा। दम होगा तो इस बार सीएम बनकर देखना। प्रदेश में 5 साल जो पैसे की बर्बादी हुई है, उसे एक बुरा स्वप्न समझकर हमने आगे बढ़ना है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay