भाजपा ने किसानों को रुलाए हैं खून के आंसू, अब चुनावों में होगा हिसाब : मुकेश अग्निहोत्री

Saturday, Feb 12, 2022 - 12:59 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकारों से ऊना में बात करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। अग्निहोत्री ने कहा कि जिस तरह से भाजपा को हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों के दौरान चारों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है वैसे ही 5 राज्यों में भी भाजपा को हार मिलेगी। पांचों राज्यों से भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर ने पंजाब में हुई जनसभा में भाजपा की सरकार बनने का ऐलान किया था लेकिन यह भी एक तरह का जुमला ही था। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों और किसानों को भाजपा ने खून के आंसू रुलाए हैं जिनका हिसाब अब चुनावों में होगा। भाजपा अब पंजाब में अपनी सरकार बनने के ख्वाब छोड़ दे। पंजाब के किसानों को एक साल तक धरने पर बिठाने और 700 से अधिक किसानों की जान लेने वाली भाजपा कभी जीत दर्ज नहीं कर सकेगी।

हार के कारण मुख्यमंत्री का संतुलन बिगड़न स्वाभाविक : विक्रमादित्य

विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उपचुनावों में मिली हार के कारण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का संतुलन बिगड़ना स्वाभाविक है। इसी के चलते मुख्यमंत्री कभी सत्युग व कभी कलियुग की बातें करते हैं तो कभी हार के लिए जनता को जिम्मेदार ठहराते हैं। मुख्यमंत्री को समझना होगा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आया जनादेश स्वीकार्य होना चाहिए। विक्रमादित्य ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार ने 4 साल में कोई काम नहीं किया है। बस आए दिन कैबिनेट की बैठक करके शिगूफे छोड़ने का ही कार्य किया है। प्रदेश को भाजपा सरकार ने कंगाल कर दिया है। जनता ने अब भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay