मुकेश अग्निहोत्री बोले-मुख्यमंत्री कोई भी बने, बनेगा तो कांग्रेस का ही नेता

Friday, Dec 09, 2022 - 08:42 PM (IST)

कहा-देवभूमि में कोई विधायक बिकाऊ नहीं 
सोलन (नरेश पाल):
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लगातार 5 चुनाव जीतकर विधायक बने मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बहुमत दिया है। मुख्यमंत्री कोई बने, बनेगा तो कांग्रेस का ही नेता। उन्होंने शिमला जाते समय पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि जनता ने कांग्रेस पार्टी पर विश्वास जताया है। उस पर किसी भी हालत में आंच नहीं आने दी जाएगी। सभी कांग्रेस नेता एकजुट होकर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सभी स्वाभिमानी हैं। प्रदेश में कोई भी विधायक कांग्रेस का बिकने वाला नहीं है। कांग्रेस के 40 के 40 विधायक पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीते हैं और सभी पार्टी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। ऐसी अफवाहें चल रही हैं कि विधायकों को छत्तीसगढ़ या राजस्थान भेजा जा रहा है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हैं। सभी विधायक शिमला पार्टी ऑफिस जा रहे हैं।  

एक सवाल के जवाब में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधायक दल की बैठक शिमला में होने वाली है, ऐसे में उसमें सभी 40 विधायक मौजूद रहने वाले हैं व कोई कहीं नहीं गया है। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं और प्रचार कमेटी के चेयरमैन भी रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की जनता ने समर्थन प्रदेश भर में दिया है, उस पर कांग्रेस पूरी तरह खरा उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 5 साल में भाजपा ने सत्ता भोगने की राजनीति की व हर वर्ग को निराश किया है। ऐसे में प्रदेश की जनता ने इसका जवाब दिया। कुछ लोग कुर्सी को हमेशा के लिए अपना समझ रहे थे। इससे पूर्व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोलन पहुंचने पर विधायक मुकेश अग्निहोत्री का स्वागत किया। इस मौके पर श्री रेणुका जी के विधायक विनय कुमार भी उनके साथ थे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  

Content Writer

Vijay