BJP की जीत के बाद नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने दिया बड़ा बयान

Thursday, May 23, 2019 - 10:50 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता-प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने वीरवार को लोकसभा चुनाव में आए परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 2019 में राष्ट्रव्यापी जनादेश आया है। इस जनादेश में जहां देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एन.डी.ए. को स्पष्ट बहुमत दिया है, वहीं हिमाचल प्रदेश को भी देश से अलग करके नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरी मेहनत के साथ चुनाव लड़ा। केंद्र में जहां राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी ने केंद्र सरकार के विरुद्ध लड़ाई लड़ी, वहीं प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व व कार्यकर्ताओं ने 2 सरकारों से संघर्ष किया है।

कांग्रेस के प्रत्याशियों ने विपरीत परिस्थितियों में लड़ी लड़ाई

उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कांग्रेस के प्रत्याशियों ने लड़ाई लड़ी और कार्यकर्ताओं ने जनता तक अपनी बात पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़े गए। सबने काम किया, निश्चित रूप से प्रदेश व देश में परिणाम आशा के अनुरूप नहीं है लेकिन हम पूरी तरह से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने प्रदेश में भाजपा के प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि अब प्रदेश को विकास पर आगे ले जाने के लिए काम होना चाहिए।

2 विचारधाराओं के बीच मजबूती से लड़ेंगे लड़ाई

उन्होंने कहा कि यह 2 विचारधाराओं के बीच लड़ाई है जिसे मजबूती के साथ आगे भी लड़ा जाएगा। कांग्रेस पार्टी जो भी कदम उठाएगी उसका समर्थन होगा। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर हाल ही में कांग्रेस की सरकारें आई हैं, वहां भी बेहतर प्रदर्शन कांग्रेस कर रही है। इस सबका पार्टी विश्लेषण करेगी और निश्चित रूप से कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत बनाने का काम किया जाएगा।

Vijay