मिसेज इंडिया 2017 के हिमाचल ऑडिशन में रिंकू ने टॉप थ्री में बनाई जगह

Tuesday, May 16, 2017 - 05:16 PM (IST)

मंडी (नीरज शर्मा): मिसेज इंडिया 2017 की दावेदार में इस बार हिमाचल प्रदेश भी शामिल होने जा रहा है। इस खिताब के लिए हिमाचल में भी ऑडिशन करवाए गए थे जिसमें से 6 महिलाओं का चयन मिसेज इंडिया 2017 के लिए किया गया है। मंडी जिला में अस्थाई रूप से रह रही रिंकू भगत का नाम भी इसमें शामिल हैं। रिंकू भगत पेशे से वकील है और उनके पति मेजर एन.के. मधुकर सेना में डॉक्टर हैं जो बीते 2 सालों से सेना भर्ती कार्यालय मंडी में तैनात हैं। रिंकू मिसेज इंडिया के क्लासिक सेक्शन में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस सेक्शन में 40 से 65 साल तक की महिलाओं को शामिल किया गया है। रिंकू की उम्र 40 वर्ष है और उनका 14 साल का एक बेटा भी है। जब यह ऑडिशन हो रहे थे तो उस समय उसने हिमाचल की तरफ से अपना ऑडिशन दिया था।


रिंकू ने मिसेज इंडिया कॉन्टेस्ट का आभार जताया
महिलाओं का चयन मिसेज इंडिया 2017 के लिए किया गया है जिसमें रिंकू का नाम भी शामिल हैं। रिंकू ने इसके लिए मिसेज इंडिया कॉन्टेस्ट का आभार जताया है जिसके तहत उन्हें यह मौका मिला। मिस इंडिया के लिए हिमाचल से जो ऑडिशन लिए गए थे उसमें डीवा का खिताब भी मंडी ने ही झटका है। 24 वर्षीय दीपाली ठाकुर गुप्ता ने इस खिताब को अपने नाम किया है। दीपाली ठाकुर गुप्ता मूलतः मंडी की रहने वाली है और उन्होंने भी मिसेज इंडिया के ऑडिशन दिए थे। हालांकि वह टॉप थ्री में नहीं आ सकी लेकिन डीवा का खिताब उन्हीं के नाम रहा। अब अगले वर्ष के लिए दीपाली ठाकुर गुप्ता अभी से ही तैयारियों में जुट गई हैं।


पहली बार मिसेज इंडिया में अपनी दावेदारी जता रही
मिसेज इंडिया प्रतियोगिता उन कामकाजी महिलाओं के लिए है जो अपनी प्रतिभा को उजागर नहीं कर पाती। पहले इसमें हिमाचल की भागीदारी नहीं होती थी लेकिन इस बार यहां पर भी ऑडिशन होने से प्रदेश की भागीदारी सुनिश्चित हो पाई है। अब देखना होगा कि पहली बार मिसेज इंडिया में अपनी दावेदारी जता रही, हिमाचल प्रदेश की महिलाएं इसमें कितनी कामयाब हो पाती हैं।