नूरपुर बस हादसे पर सांसद शांता कुमार ने दिया बड़ा बयान

Monday, Oct 22, 2018 - 11:08 AM (IST)

नूरपुर: नूरपुर के भलेटा क्षेत्र में भाजपा का ग्राम केंद्र प्रमुख सम्मेलन हुआ, जिसमें कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के सभी हलकों के ग्राम केंद्र प्रमुखों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने की, जबकि कांगड़ा-चम्बा लोकसभा सीट के सांसद शांता कुमार ने इस सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर सांसद शांता कुमार ने कहा कि नूरपुर में भीषण बस हादसा हुआ था, जिसमें स्कूली बच्चे मारे गए थे। इसके लिए प्रदेश सरकार व प्रदेश के लोग दु:खी हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अखबार में पढ़ा कि मृतक बच्चों के परिजन जांच से खुश नहीं हैं और न्याय चाहते हैं। 

उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच हो रही है और मैं जानना चाहता हूं कि इस हादसे में मारे गए बच्चों के परिजन जांच से खुश क्यों नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन परिवारों में से कोई बताए कि सरकार की जांच में क्या कमी है और अगर वह उन्हें बताएंगे तो वह इस बारे मुख्यमंत्री से बात करके उस कमी को पूरा करने का प्रयास करेंगे। सम्मेलन में शांता कुमार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया और आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए कड़ी मेहनत से तैयारी करने को कहा।

इसके बाद कांगड़ा-चम्बा के सांसद शांता कुमार ने पत्रकारों को बताया कि भाजपा आने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर एकजुट है और एक-एक मतदाता तक पहुंचने के लिए संगठन को मजबूत बनाया जा रहा है।  कांगड़ा-चम्बा लोकसभा सीट से चुनाव लडऩे बारे पूछे गए प्रश्न के जवाब में शांता कुमार ने कहा कि चुनाव किसे लड़ाना है यह पार्टी तय करती है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि इस बार कांगड़ा-चम्बा लोकसभा सीट से कोई और कार्यकत्र्ता चुनाव लड़े व हम सभी उसे विजयी बनाएं परंतु यह फैसला पार्टी करती है। 

चुनाव को लेकर भाजपा ने कई कार्यक्रम किए हैं तय : सतपाल सत्ती
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि आने वाले लोक सभा चुनावों को लेकर प्रदेश भाजपा ने कई कार्यक्रम तय किए हैं और उन्हीं में से एक यह एक कार्यक्रम है, जिसमें कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के ग्राम केंद्रों के इंचार्ज भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम केंद्र इंचार्ज अपने-अपने बूथों में केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की जनहित की नीतियों को घर-घर पहुंचेंगे व आने वाले लोकसभा चुनावों में चारों सीटें भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी। इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, प्लानिंग बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला, विधायक राकेश पठानिया, अर्जुन सिंह व रीता धीमान सहित कई पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Ekta