नहीं रहे मंडी से सांसद रामस्वरूप, यहां पढ़ें पूरी खबर

Wednesday, Mar 17, 2021 - 11:21 AM (IST)

मंडी: बुधवार सुबह-सुबह देश और प्रदेश के लिए मंडी से सांसद राम स्वरूप शर्मा के निधन की बुरी खबर आई। रामस्वरूप शर्मा का दिल्ली में निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली। हालांकि राम स्वरूप शर्मा की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। लेकिन सूत्रों से मिली जानकरी के अनुसार उन्होंने आत्महत्या की है, उनका शव घर में फंदे से लटकता हुआ मिला है।

12 मार्च को मंडी आए थे रामस्वरूप, हालत देखकर हर कोई रह गया स्‍तब्‍ध
बता दें कि रामस्वरूप मंडी से सांसद थे और प्रदेश के दिग्गज नेता थे। लिहाजा उनके निधन के बाद भाजपा संसदीय दल की बैठक रद्द कर दी गई है। बताया जा रहा है रामस्वरूप शर्मा अपनी बीमारी की वजह से डिप्रेशन में थे। मंडी के शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर 12 मार्च को जब लोगों ने उनकी हालत देखी तो हर कोई स्‍तब्‍ध था। उसी दिन शाम को सांस्कृतिक संध्या में भी उनके स्‍वास्‍थ्‍य को लेकर नेताओं में चर्चा बनी हुई थी।

क्या कहती है पुलिस?
दिल्ली पुलिस के अफसरों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शर्मा ने आत्महत्या की है और उनका शव घर में फंदे से लटकता हुआ मिला है। पुलिस का कहना है कि उन्हें शर्मा के स्टाफ के एक शख्स ने फोन कर मामले की जानकारी दी थी। शर्मा दिल्ली में राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पास बने गोमती अपार्टमेंट में रहते थे। गोमती अपार्टमेंट में कई सांसदों के आवास हैं।

बुधवार सुबह शर्मा के कमरे का दरवाजा खटखटाने पर जब यह नहीं खुला तो घर के नौकर ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस के तमाम अफसर, फॉरेंसिक टीम और स्वास्थ्य विभाग के लोग यहां पहुंच गए हैं। इस मामले में घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं सांसद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

रामस्वरूप का राजनीतिक करियर
राम स्वरुप शर्मा का जन्म 10 जून 1958 को हुआ। राम स्वरूप 2019 के आम चुनाव में हिमाचल प्रदेश के मंडी से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इससे पहले 2014 में भी वे मंडी से ही लोकसभा चुनाव जीते थे। वह मंडी जिले के जोगिंदर नगर के राजनेता हैं और मंडी जिला बीजेपी और बाद में हिमचाल प्रदेश राज्य भाजपा के आयोजन सचिव थे। राम स्वरुप ने प्रदेश राज्य खाद्य और नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। वह आरएसएस के सक्रिय सदस्य थे। उन्होंने 2014 में मंडी लोकसभा सीट जीती, जिसमें उन्होंने कांग्रेस की प्रतिभा सिंह के खिलाफ 39,796 वोटों के मार्जिन से जीत हासिल की।

राजनेताओं ने जताया दुख...
सांसद राम स्वरूप के निधन पर राजनेता ने गहरा शोक वयक्त किया। सीएम जयराम ने दुख जताते हुए ट्वीटर पर लिखा ‘ये जाने का समय नहीं था भाई राम स्वरूप शर्मा जी। छोटी काशी मण्डी के लोकप्रिय, सरल स्वभाव व ईमानदार सांसद आदरणीय श्री रामस्वरूप शर्मा जी के असामयिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं। यह क्षण अत्यंत ह्रदयविदारक और दुःखद है’

वहीं सांसद किशन कपूर ने लिखा ‘मंडी लोकसभा क्षेत्र से सासंद और प्रिय मित्र राम स्वरूप जी के आकस्मिक निधन की खबर से स्तब्ध और दुखी हूँ। भगवान दिवंगत पुण्यात्मा को शांति एवं सद्गति और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने का सामर्थ्य प्रदान करे’

Content Writer

Prashar