रोहतांग सहित पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, प्रशासन ने दी ये सलाह

Saturday, Oct 28, 2017 - 12:21 AM (IST)

शिमला/मनाली: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के अंतर्गत आते रोहतांग दर्रे सहित मनाली और लाहौल-स्पीति की चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शुक्रवार को दोपहर बाद पहाड़ों में बर्फ  के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया। मनाली और कुल्लू घाटी में बादल छाने से लाहौल लौटने वाले लोगों में अफरा-तफरी मची रही। एच.आर.टी.सी. की बसों सहित दर्जनों वाहनों में लाहुलियों ने दर्रे को आर-पार किया। मनाली में शुक्रवार को मौसम खराब हुआ जिससे रोहतांग सहित हामटा जोत, हनुमान टिब्बा, धुंधी की पहाडिय़ों, मनालसू जोत, भृग और दशैहर की चोटियों पर बर्फ  की सफेद चांदी बिछ चुकी है। दूसरी ओर लाहौल की समस्त चोटियों में भी बर्फ  के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो चुका है। मनाली प्रशासन ने भी मौसम को ध्यान में रखकर ही दर्रा पार करने की सलाह दी है। शुक्रवार को मौसम खराब होने के चलते दोपहर बाद एक दर्जन से अधिक छोटे वाहनों में लाहुलियों ने घरों का रुख किया। 

आगामी 2 सप्ताहों तक साफ रहेगा मौसम
टैक्सी चालक रॉकी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर तक दर्रे में धूप खिली रही लेकिन दोपहर बाद बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। दर्रे के उस पार कोकसर बचाव चौकी के प्रभारी लुदर चन्द ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही लोगों को दर्रा पार करने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दर्रे में बर्फ  के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है लेकिन सभी वाहन सुरक्षित दर्रे के आर-पार हो गए हैं। वहीं मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में आगामी 2 सप्ताहों तक मौसम पूरी तरह साफ बना रहेगा, जिससे सुबह व शाम के समय ओस पडऩे से ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।