परिवार पर आधी रात को गिरा दुखों का पहाड़, आंखों के सामने राख हुआ आशियाना

Saturday, Oct 28, 2017 - 10:11 PM (IST)

मनाली: पर्यटन नगरी के ओल्ड मनाली गांव में शुक्रवार आधी रात को एक घर में अचानक आग लग गई। आग लगने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया और स्वयं भी आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीण तारा चंद पुत्र शोभू राम के 3 मंजिला मकान में 3 ही कमरे थे। तारा चंद परिवार संग इसी मकान में रहते थे। उन्होंने जैसे-तैसे स्वयं व परिवार को तो बचा लिया लेकिन घर में रखे सामान व आभूषणों को नहीं बचा सके। घर के नीचे सूखा घास रखा था, जिसने आग में घी डालने का काम किया। घर में रखे सिलैंडर ने भी आग भड़काने का काम किया। रात 12 बजे के करीब लगी आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। 

आग की घटना में 3 लाख का नुक्सान
अग्निशमन विभाग मनाली के प्रभारी कमल स्वरूप ने बताया कि उन्हें रात 12 बजे मनाली गांव में आग लगने का पता चला। उन्होंने बताया कि सड़क तंग होने व सड़क में वाहन पार्क होने के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनके पहुंचने तक आग प्रचंड रूप धारण कर चुकी थी। जब तक ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया था। इस दौरान साथ लगते घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया है। आग के कारण परिवार को 3 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। मनाली तहसीलदार हरीश शर्मा ने बताया कि आग से प्रभावित परिवार को फौरी राहत प्रदान कर दी गई है। डी.एस.पी. पुनीत रघु ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।