मां की ममता हुई शर्मसार, जन्म देते ही झाड़ियों में फैंका कलेजे का टुकड़ा

Tuesday, Jun 27, 2017 - 09:15 PM (IST)

नूरपुर: क्या एक मां इतनी पत्थर दिल भी बन सकती है कि अपने कलेजे के टुकड़े को जन्म देने के बाद झाडिय़ों में फैंक दे वो भी जिंदा। जी हां, ऐसे ही कुछ हुआ है हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के अंतर्गत नूरपुर थाना के तहत पड़ते पक्का टियाला क्षेत्र में। यहां एक पत्थर दिल मां ने जन्म के एक दिन बाद नवजात को जब्बर खड्ड के समीप झाडिय़ों में फैंक दिया। प्राप्त जानकारी अनुसार शाम को जब उस क्षेत्र के स्थानीय लोग अपने गंतव्य को जा रहे थे तो उन्हें नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने झाडिय़ों के पास जाकर देखा तो एक नवजात पड़ा था। 

पुलिस ने बच्चा अस्पताल को सौंपा
लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इसकी सूचना 108 को दी तथा मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात को अपने कब्जे में लेकर 108 के सुपुर्द कर दिया। इस संदर्भ में डी.एस.पी. मेघनाथ चौहान ने बताया कि नवजात को अस्पताल भेज दिया है तथा बच्चा स्वस्थ है। 108 के ई.एम.टी. विनोद ने बताया कि नवजात एक लड़का है तथा एक दिन का है, जिसे अस्पताल की वार्म मशीन में रखा गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोग उस मां को कोस रहे हैं जिसने जन्म देने के बाद बच्चे को झाडिय़ों में फैंक दिया।