मानसून ने हिमाचल में दी दस्तक, 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2020 - 07:04 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में मानसून ने दस्तक दे दी है। बुधवार को पूरे प्रदेश में तेज बारिश के साथ मानसून का आगमन प्रदेश में हुआ। राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में व्यापक बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में शिमला सहित मध्य पर्वतीय इलाकों के 6 जिलों में भारी वर्षा का यैलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले साल मानसून ने 2 जुलाई को दी थी दस्तक

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बुधवार को मानसून के हिमाचल पहुंचने की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी इलाकों में मानसून का आगमन हो गया है। पिछले साल की तुलना में मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है। गत वर्ष 2019 में प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 2 जुलाई को मानसून ने दस्तक दी थी, जबकि पूरे हिमाचल में यह 5 जुलाई को पहुंचा था। उन्होंने मानसून सीजन के दौरान राज्य में सामान्य बारिश होने की संभावना जताई है।

24 घंटों में सबसे अधिक पालमपुर में बरसे मेघ

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में पालमपुर में सबसे ज्यादा 110 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त  जोद्रिंनगर में 96, बैजनाथ में 93, धर्मशाला में 92.4, कांगड़ा में 87, सराहन में 33, कुमारसेन में 32.6, नगरोटा सूरियां में 31.2, कोठी में 28.2 और डल्हौजी में 25 मिलीमीटर बरसात हुई। विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। 30 जून तक राज्य में मौसम के खराब रहने का अनुमान है।

जून माह में 52.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज

जून माह में 1 से 24 जून 2020 तक प्रदेश में 52.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जोकि सामान्य से 25 फ ीसदी कम है। 12 में से 10 जिलों में बादल सामान्य से कम बरसे। केवल ऊना और कांगड़ा जिला में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। ऊना जिला में सामान्य से 13 फ ीसदी और कांगड़ा में सामान्य से 10 फीसदी ज्यादा वर्षा हुई है।

यह रहा अधिकतम तापमान

शिमला में बुधवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री, सुंदरनगर में 30.1, भुंतर में 32.5, कल्पा में 24.3, धर्मशाला में 28.8 डिग्री, ऊना में 32, नाहन में 31.4, सोलन में 29, कांगड़ा में 28.3, बिलासपुर में 34.5, हमीरपुर में 34.1, चम्बा में 30.4, डल्हौजी में 20.4 और केलांग में 19.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News