PHC में बंदरों का हमला, BMO सहित 7 मरीज घायल

Saturday, Sep 16, 2017 - 01:17 AM (IST)

मानपुरा: बी.एम.ओ. के. जस्सल को पी.एच.सी. बरोटीवाला में निरीक्षण पर आना उस समय भारी पड़ गया जब पी.एच.सी. में घुसते ही लगभग आधा दर्जन बंदर उन पर टूट पड़े। यही नहीं पी.एच.सी. में कार्यरत महिला डाक्टर नीलम को भाग कर जान बचानी पड़ी। इसके अलावा इलाज करवाने आए कामगारों को भी बंदरों का शिकार होना पड़ा, जिसमें उमेश कुमार को काफी चोटें आई हैं। पी.एच.सी. बरोटीवाला में बंदरों ने बी.एम.ओ. समेत 7 लोगों को काट खाया है। 

पहले हर रोज निकल रहे थे सांप
डा. महावीर चौहान ने बताया कि पी.एस.सी. बरोटीवाला में पहले हर रोज सांप निकल रहे थे और अब बंदरों ने अपना कहर मचाना शुरू कर दिया है। मरीज डर के मारे पी.एच.सी. में इलाज करवाने से डर रहे हैं। वन विभाग को इसकी शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इसके अलावा बद्दी बाजार के लगभग सभी व्यापारी व लोग बंदरों से परेशान हैं। बंदर जहां दुकानों से लोगों का सामान उठा कर ले जाते हैं, वहीं स्थानीय लोगों के घरों से कपड़े व सामान उठाकर ले जाते हैं। 

डंडे लेकर घर से निकल रहे लोग
दुकानदार संजय बंसल ने बताया कि बंदरों के डर से लोग बच्चों को अकेले घर से बाहर नहीं निकलने देते व स्वयं भी लोग डंडे लेकर निकलते हैं। डी.एफ.ओ. कुनिहार सतीश नेगी ने बताया कि आज ही शिकायत मिली है। जल्द ही इन बंदरों को पकड़ा जाएगा। लोग बंदरों को खाने-पीने की चीजें न दें व सुरक्षा के साथ घर से बाहर निकलें।