झाड़-फूंक के बहाने नाबालिग लड़की से की गंदी हरकत, ढोंगी बाबा गिरफ्तार

Sunday, Sep 09, 2018 - 04:35 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब के तहत मैड़ी में झाड़-फूंक के बहाने नाबालिग लड़की के साथ एक तथाकथित बाबा ने कथित छेड़छाड़ की। पीड़िता के पिता की शिकायत पर अम्ब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार जिला मंडी के अधीन पड़ते सरकाघाट के तहत एक गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि करीब 5-6 महीने से उसकी 16 वर्षीय लड़की मानसिक तौर पर परेशान है। उन्हें पता चला कि उपमंडल अम्ब के तहत एक धार्मिक स्थल में मानसिक रोग से पीड़ित लोगों का इलाज होता है। इस पर वह अपनी पत्नी और भांजे के साथ लड़की को लेकर आया हुआ था।

एक व्यक्ति की जानकारी पर पहुंचे बाबा के पास
गत दिवस वह एक धार्मिक स्थल में सेवा कर रहे थे तो उन्हें एक व्यक्ति ने बताया कि यहां पर एक बाबा झाड़-फूंक कर ऐसे रोग का पक्का इलाज करता है। गत दिवस करीब सायं 5:30 बजे वह लड़की को लेकर बाबा के पास पहुंच गए और उससे मिले। उसने उन्हें बताया कि लड़की का इलाज हो जाएगा। इसके लिए आप 3 फल, एक नारियल और शराब लेकर आओ। जब उन्होंने शराब के बारे पूछा तो उसने बताया कि शराब प्रसाद के रूप में प्रयोग होगी।

लड़की को शराब पिलाकर की छेड़छाड़
उसका भांजा बाबा द्वारा बताया हुआ उक्त सामान ले आया। इस दौरान बाबा ने उन सभी को कमरे से बाहर निकाल दिया और कहा कि लड़की का इलाज वह अकेले में करेगा। इस दौरान उसने कमरे की अंदर से कुंडी लगा ली। लड़की के पिता ने संगीन आरोप लगाते हुए बताया कि करीब आधे घंटे के बाद लड़की जब बाहर आई तो वह नशे की हालत में थी। जब उन्होंने लड़की से पूछा तो उसने बाबा के ऊपर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि उसने शराब पिलाकर उसके साथ कथित छेड़छाड़ की है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने सिविल अस्पताल अम्ब में लड़की का मैडीकल करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

Vijay