‘‘मोहम्मद बिन तुगलक हैं मोदी, तुगलकी फरमान से देश की जनता बेहाल’’

Friday, Nov 03, 2017 - 09:25 PM (IST)

सोलन: अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि 70 सालों में भाजपा पहली ऐसी सरकार है, जिसने खेती पर भी जी.एस.टी. लगा दिया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन कांग्रेस दोबारा सत्ता में आएगी जी.एस.टी. पर पुन: विचार करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी ने नोटबंदी के समय दावा किया था कि इससे काला धन सामने आएगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उलटा देश में विकास की रफ्तार रुक गई है। जी.डी.पी. पर इसका असर पड़ा है। सोलन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना मोहम्मद बिन तुगलक से की। तुगलकी फरमान से देश की जनता बेहाल है लेकिन मोदी झूठ बोलकर जनता को फिर गुमराह कर रहे हैं।

देश के लोगों को देना पड़ रहा मोदी टैक्स
उन्होंने कहा कि देश के लोगों की हालत यह है कि उन्हें अपना पैसा जमा करवाना हो या निकालना हो उन्हें मोदी टैक्स देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के कपड़ा उद्योगों पर 17 फीसदी जी.एस.टी. थोप दिया जबकि चीन से कपड़ा मंगवाने पर मात्र 5 फीसदी टैक्स लगाया है। हिमाचल की जनता मोदी के जुमलों में अब फंसने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के 41 माह के कार्यकाल में एक के बाद एक तुगलकी फरमान जारी किए हंै। पहले नोटबंदी की, जिससे देशभर के  लोगों को अपना ही पैसा निकालने के लिए लाइनों में खड़े होकर मरना पड़ा। किसान आज आत्महत्या करने पर मजबूर है। 

19 बार बढ़ी गैस सिलैंडर की कीमत
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गैस सिलैंडर की कीमत 19 बार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है जहां पर सबसे ज्यादा टैक्स जनता पर थोपे गए हैं। मोदी सरकार ने हिमाचल को मिलने वाले विशेष पहाड़ी पैकेज को छीना जब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आवाज उठाई तो अस्थायी तौर पर इसे बहाल किया गया। 

...तो धूमल को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने की जरूरत क्यों पड़ी?
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने तो हिमाचल भाजपा के सी.एम. उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल का हमीरपुर से टिकट तक काट दिया और उन्हें सुजानपुर भेज दिया। यदि देश में मोदी लहर थी तो फिर धूमल को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने शक जताया कि प्रेम कुमार धूमल को मुख्यमंत्री बनाने का जुमला फैंक कर मोदी फिर झूठ बोलकर हिमाचल की जनता को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं।