राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय दोनों मोर्चों पर दिख रहा मोदी सरकार का जलवा : धूमल

Monday, May 13, 2019 - 04:04 PM (IST)

घुमारवीं: पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सोमवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का लोहा आज पूरा विश्व मान रहा है और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय दोनों मोर्चों पर मोदी सरकार की 5 साल की उपलब्धियों का जलवा दिख रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में अगर आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक मोदी-मोदी के नारे गूंज रहे हैं तो इसकी वजह साफ  है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग का दिल जीता है और भारत को शिखर पर ले जाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी है।

एन.डी.ए. सरकार ने देश को एशिया की एक बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में एन.डी.ए. सरकार ने देश को एशिया की एक बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया है। सरकार ने आथ्रिक क्षेत्र में कई ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर वर्ष 2014 में भारत दुनिया में 11वें स्थान पर था और अब 5वें स्थान पर आ गया है।

मोदी के नेतृत्व में भारत ने सामरिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में भी फहराई पताका

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के हाथ में एक बार फिर से देश की कमान आने पर वर्ष 2025 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की सूची में पहले 3 नंबर पर आ जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ आधार देने के अलावा मोदी के नेतृत्व में भारत ने सामरिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में भी अपनी पताका पूरी दुनिया में फहराई है।

Vijay