कांग्रेस के संपर्क में हैं भाजपा के मंत्री से लेकर विधायक : विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Sunday, Jul 24, 2022 - 10:08 PM (IST)

शिमला (राक्टा): भाजपा के मंत्री से लेकर पूर्व मंत्री, विधायक एवं पूर्व विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। राजीव भवन में आयोजित शिमला ग्रामीण के युवाओं से सीधा संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से यह बात कही। हालांकि विक्रमादित्य सिंह ने किसी के भी नाम का खुलासा करने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री, पूर्व मंत्री और नेता जानते हैं कि सरकार की गलत नीतियों से विधानसभा चुनाव में पार्टी का सूपड़ा साफ होना तय है, ऐसे में वे कांग्रेस के संपर्क में हैं और समय रहते पार्टी में शामिल होंगे। 

पार्टी को सींचने वाले कर्मठ कार्यकर्ता-नेता नहीं होंगे नजरअंदाज
विक्रमादित्य सिंह ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सभी नेताओं को कांग्रेस में बिना शर्त के लिया जाएगा। ऐसा नहीं है कि जिन्हें पार्टी में लिया जा रहा है, सीधेतौर पर उन्हीं को टिकट दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर क्षेत्र में कर्मठ नेता और कार्यकर्ता हैं, जो लंबे समय से पार्टी को सींचने का काम कर रहे हैं, ऐसे में उनको नजरअंदाज करते हुए टिकट देने का काम नहीं होगा। यह जरूर है कि सर्वे में जो नाम आगे आएंगे, उनको केंद्रीय नेतृत्व, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही विक्रमादित्य सिंह ने दोहराया कि सरकार के लोगों की ठेकेदारों के साथ सांठगांठ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्हें पहले भी घेरने का काम किया गया। चाहे कोई कितना भी कटाक्ष करे लेकिन यह सत्य है कि सरकार के लोगों का ठेेकेदारों के साथ रोज का उठना-बैठना है। 

देखने को मिल रहा डर, मात्र 3 दिन का सत्र
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार में डर देखने को मिल रहा है। विधानसभा सत्र भी महज 3 दिन का कर दिया। सरकार जानती है कि जिनता लंबा सत्र होगा, उतना घेरा जाएगा। सत्र में कांग्रेस किसानों, बागवानों, कर्मचारियों, पेपर लीक जैसे घोटालों और युवाओं के साथ होने वाले अन्याय सहित अन्य मामलों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चार्जशीट तैयार कर रही है, सरकार में आने पर एक विधेयक विधानसभा में पारित करेगी, जिसमें धोखाधड़ी करने वालों को कम से कम 10 वर्ष के सजा का प्रावधान किया जाएगा।

सुरेश भारद्वाज का राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने का आने वाला है समय
विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री सुरेश भारद्वाज पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर लगी आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्री हमें राजनीतिक शिक्षा देते हैं, लेकिन वे जहां-जहां जाते हैं, भाजपा प्रत्याशी की जमानतें जब्त हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि चुनौती दी कि वे रामपुर के झाखड़ी वार्ड में होने जा रहे चुनाव के पर्यवेक्षक बनें। उन्होंने दावा किया कि वहां भी जमानत जब्त हो जाएगी। विधायक ने कहा कि जल्द ही उनका राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने का समय आने वाला है।

विक्रमादित्य सिंह का बोलना मायने नहीं रखता : भारद्वाज 
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने संपर्क किए जाने पर कहा कि विधायक विक्रमादित्य सिंह कमैंट करने लायक नेता नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह का बोलना कोई मायने नहीं रखता, ऐसे में वह जो बोलना चाहते हैं, बोलते रहें।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News