कांग्रेस में इस समय हताशा की स्थिति, चुनाव लड़ने से भाग रहे नेता : सतपाल सत्ती

Sunday, Feb 25, 2024 - 11:11 PM (IST)

अम्ब/दौलतपुर चौक (अश्विनी/परमार): लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश भाजपा द्वारा पूरे प्रदेश में अलग-अलग कार्यक्रमों द्वारा आम जनता से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पक्का परोह के अवध पैलेस व गगरेट क्षेत्र के दियोली गांव में त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें ऊना सदर के विधायक सतपाल सत्ती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में सभीबूथों के बीएलए, बूथ पालक व बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे। भाजपा नेता सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया कि देशभर से कांग्रेस का पतन हो रहा है। कांग्रेस के पास न तो कार्यकर्त्ता और न ही लीडरशिप बची है, जिसके चलते कांग्रेस में इस समय हताशा की स्थिति है। देश के लिए आज भाजपा जैसे संघर्ष की जरूरत है लेकिन कांग्रेसी नेता संघर्ष की बजाय पैदल घूमकर समय व्यतीत कर रहे हैं। 

कांग्रेस आज जुगाड़ की राजनीति चला रही 
सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस नेता उत्तर प्रदेश से लेकर अन्य राज्यों से लोकसभा का चुनाव लड़ने से भाग रहे हैं।  कांग्रेस आज जुगाड़ की राजनीति चला रही है, ऐसी स्थिति में भाजपा कार्यकर्त्ताओं का दायित्व बनता है कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनुराग ठाकुर को भारी बहुमत के साथ विजयी बना कर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाकर एक नया इतिहास रचें। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस को काशी विश्वनाथ मंदिर बनाने की पहल करने का ऐलान करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस में दम ही नहीं है कि आज के हालात में कुछ कर सके या बोल सके।

हमीरपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस को नहीं मिल रहा कैंडिडेट  
सतपाल सत्ती ने कहा लोकसभा चुनावों के लिए प्रदेश भाजपा पूर्ण रूप से तैयार है व आने वाले चुनावों में चारों सीटों पर भाजपा बहुत बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में तो कांग्रेस पार्टी को अपना कैंडिडेट ढूंढना भी मुश्किल हो गया है।  इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलवीर सिंह ने सभी कार्यकर्त्ताओं से लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से डट जाने का आग्रह किया। 

भाजपा में आने के लिए थोड़ा धैर्य रखें कांग्रेसी
सतपाल सत्ती ने दावा करते हुए कहा कि राज्यसभा के चुनाव में भी कुछ होने वाला है। सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेसियों का भाजपा में आने की मची होड़ पर बोलते हुए उन्हें दिलासा देते हुए कहा कि कांग्रेसी थोड़ा धैर्य रखें। वह उन्हें मई का लोकसभा चुनाव जीतने दें। जून महीने में कांग्रेस का पूरा ऑप्रेशन कर दिया जाएगा। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay