विधायक रामलाल ठाकुर ने BDO स्वारघाट पर लगाए गंभीर आरोप, जानिए क्या कहा (Video)

Sunday, Jul 14, 2019 - 03:41 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): श्री नयनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर ने बी.डी.ओ. स्वारघाट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बी.डी.ओ. पंचायतों में जाकर प्रधानों को डरा-धमका रही है और रेत, बजरी, पत्थर, मिक्स्चर, शटरिंग आदि के टैंडर चहेतों को स्वयं मौके पर जारी कर रही है। यही नहीं, इस कार्य के लिए बी.डी.ओ. कम रेट को अपने आप अधिक कर चहेतों को टैंडर दे रही है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत लैहड़ी में बी.डी.ओ. द्वारा रेत के टैंडर पर ओवर राइटिंग कर किसी दूसरे व्यक्ति को करीब एक हजार रुपए अधिक से जारी कर दिया। उन्होंने बिलासपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान दस्तावेज भी जारी किए, जिसमें बी.डीओ. के हस्ताक्षर हैं।

1950 रुपए के टैंडर को ओवर राइट कर बनया 2950

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत लैहड़ी में 7 तारीख को टैंडर ओपन होने थे लेकिन बी.डी.ओ. ने सभी टैंडर अपने कब्जे में ले लिए, जिसके बाद उन्होंने 10 तारीख को स्वयं पंचायत में पहुंच कर टैंडर जारी कर उस पर अपने हस्ताक्षर किए जबकि नियम अनुसार टैंडर जारी करना पंचायत प्रधान और सचिव का कार्य है। उन्होंने कहा कि बी.डी.ओ. ने सुखदेव नाम के व्यक्ति के 1950 रुपए रेत की ट्राली के टैंडर को ओवर राइट कर 2950 कर दिया, जिसके बाद टैंडर मदन लाल नाम के व्यक्ति को 2900 रुपए में दिया गया।

पहले भी चार्जशीट हुई थी बी.डी.ओ.

उन्होंने कहा कि उक्त बी.डी.ओ. पूर्व में भी स्वारघाट में वित्तीय अनियमितताओं के चलते चार्जशीट हुई थी, लेकिन उसके बाद अब फिर से उसे स्वारघाट में बी.डी.ओ. लगाया गया है। उन्होंने कहा कि उक्त बी.डी.ओ. अब सेवानिवृत होने वाली है लेकिन वह सेवा विस्तार चाह रही है, जिसको लेकर वह भाजपा के नेताओं को खुश करने के लिए भाजपा संबंधित ठेकेदारों को काम दिलाने के लिए हर पंचायत पर स्वयं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर तो भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त की बात करती है लेकिन ऐसे अधिकारियों की नियुक्ति से साफ हो रहा है कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोर्ट के माध्यम से उक्त अधिकारी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Vijay