CM का पुतला जलाते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस में धक्का-मुक्की, MLA राम लाल झुलसे

Wednesday, May 02, 2018 - 08:02 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कसौली गोलीकांड और हिमाचल में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर बुधवार को जब कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला के बाहर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला फूंकने लगे तो पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने की कोशिश की, ऐसे में पुलिस की लापरवाही के चलते वरिष्ठ नेता एवं विधायक राम लाल ठाकुर व कार्यकर्ता मामूली तौर पर आग से झुलस गए। यदि इस दौरान कार्यकर्ता बीच-बचाव न करते तो बड़ा हादसा हो सकता था। 


जब महिला अधिकारी पर गोली चली तब कहां थी पुलिस? 
विधायक राम लाल ठाकुर ने पूछा है कि जब कसौली में महिला अधिकारी पर गोली चलाई गई तो पुलिस कहां थी? उन्होंने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि आज जब कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला फूंकने लगे तो पुलिस जवानों ने धक्का-मुक्की की। उन्होंने कहा कि पुलिस ओवर रिएक्ट कर रही है और यह चलने वाला नहीं है। उन्होंने सी.एम. जयराम पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने तरीके से कोई भी काम नहीं कर पा रहे हैं। चारों तरफ  से काम को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। शाम को सरकार कुछ फैसला लेती है और सुबह वो बदल जाते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार में सब कुछ सही नहीं है। 

Vijay