गरीब के निवाले पर टैक्स लगाने वाली भाजपा सरकार कहीं अब कुदरती ऑक्सीजन पर भी न लगा दे टैक्स : राजेंद्र राणा

punjabkesari.in Friday, Jul 22, 2022 - 05:49 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि जिस तरह भाजपा सरकार आए दिन देश की जनता पर नए-नए टेक्स थोप  रही है और गरीब के निवाले पर भी टैक्स लगा दिया है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार अब टैक्स लगाने के भी दुनिया में नए रिकॉर्ड बनाने जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि अच्छे दिन के सपने दिखाने वाली भाजपा सरकार आने वाले समय में प्रकृति द्वारा मुहैया करवाई जा रही नैचुरल ऑक्सीजन को भी टैक्स के दायरे में न ले आए और लोगों को सांस के जरिए ऑक्सीजन लेने की कीमत भी टैक्स देकर चुकानी पड़े। 

मुगलों और अंग्रेजों से भी आगे निकलती जा रही भाजपा सरकार
राणा ने कहा कि टैक्स लगाने के मामले में तो भाजपा सरकार मुगलों और अंग्रेजों से भी आगे निकलती जा रही है। मुगलों ने देश में जजिया कर लगाया था और अंग्रेजों ने भी सोने की चिड़िया कहलवाने वाले हमारे देश को जमकर लूटा था और जनता पर टैक्स थोपे थे। आजाद भारत में भी जनता पर इस तरह के टैक्स किसी भी हुकूमत ने नहीं लगाए, जितने इस सरकार ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देश का आम आदमी इतनी महंगाई में किस तरह दो जून की रोटी खा रहा है, इस बारे चिंतन करने की बजाय यह सरकार गरीब के मुंह का निवाला छीनने पर उतारू है और उसके भोजन पर भी टैक्स लगा दिया है। दूध, दही, पनीर को टैक्स के दायरे में लाने के साथ-साथ कॉपी-पैंसिल पर भी जीएसटी बढ़ा दी है। अब सिर्फ सांस लेते समय हवा में मौजूद कुदरती ऑक्सीजन पर टैक्स लगाना बाकी रह गया है और कहीं भाजपा सरकार आने वाले दिनों में जनता पर यह टेक्स भी न थोप डाले, इस बात की आशंका भी पैदा होने लगी है।

भाजपा की ऐसी चालों से कांग्रेस भयभीत होने वाली नहीं
राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा सरकार देश के चंद काॅर्पोरेट घरानों को ही खुश करने में लगी है और आम आदमी के हितों से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता भी अब हर मंच पर महंगाई के मुद्दे पर चर्चा करने से बिदकने लगे हैं, जिससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करने की बजाय भाजपा का एकमात्र उद्देश्य कांग्रेस को कोसना रह गया है। इससे बड़ी हास्यास्पद बात क्या हो सकती है कि देश में शासन तो भाजपा कर रही है और सवाल कांग्रेस से पूछे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में इस समय अघोषित आपातकाल चल रहा है और राजनीतिक विरोधियों को जांच एजैंसियों का खौफ दिखाकर भयभीत करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ऐसी चालों से कांग्रेस भयभीत होने वाली नहीं है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News