राजेंद्र राणा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में भरा नया जोश, भाजपा पर किए कड़े प्रहार

punjabkesari.in Saturday, Jul 30, 2022 - 05:21 PM (IST)

सुजानपुर (ब्यूरो): सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के 4 नए नियुक्त मंडल अध्यक्षों सर्वश्री लेखराज ठाकुर, डॉ. अशोक राणा, रिटायर्ड प्रिंसीपल सुरेश कुमार व प्रवीण उर्फ लक्की की नियुक्ति के बाद एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें विभिन्न राजनीतिक पहलुओं पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष के अलावा चारों नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष तथा पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे। राजेंद्र राणा ने बैठक में कहा कि विभिन्न मोर्चों पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और सरकार की नाकामियों की फेहरिस्त लगातार लंबी होती जा रही है, जिस कारण लोगों का गुस्सा अपने चरम पर है। उन्होंने कहा प्रदेश से भाजपा सरकार की विदाई तय हो चुकी है और जनता सत्ता परिवर्तन का पूरा मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कांग्रेस कार्यकर्ता जोश व उत्साह से लबरेज हैं और कार्यकर्ताओं का यही जज्बा पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा सरकार की विफलताओं को घर-घर तक ले जाएं।
PunjabKesari

भाजपा सरकार से समाज का हर वर्ग परेशान 
राजेंद्र राणा ने कहा कि समाज का हर वर्ग भाजपा सरकार से परेशान है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। सरकार ने दूध, दही जैसी खाने-पीने की चीजों पर भी मनमाने ढंग से टैक्स थोप दिए हैं। अग्निवीर योजना ने युवाओं के लिए सेना में नियमित भर्ती के दरवाजे बंद कर दिए हैं, जिससे इस वीरभूमि के लोगों में भारी गुस्सा है। राणा ने कोविड काल में हुई धांधलियों के साथ-साथ  बेरोजगारी, पुलिस भर्ती स्कैम, कर्मचारियों, पैंशनरों, आऊटसोर्स कर्मचारियों व मनरेगा मजदूरों से हो रहे भेदभाव के मुद्दे पर भाजपा सरकार को जमकर घेरा। 

भाजपा सरकार कर्मचारियों के हितों की विरोधीं
राजेंद्र राणा ने कहा कि ओल्ड पैंशन स्कीम को लेकर प्रदेश सरकार का ढुलमुल रवैया यह दर्शा रहा है कि भाजपा सरकार कर्मचारियों के हितों की विरोधी है। सरकारी कर्मचारियों व पैंशनरों को नए वेतन आयोग की सिफारिशों के मुताबिक एरियर का एकमुश्त भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। राजेंद्र राणा ने कहा किसान, बागवान, कर्मचारी, दिहाड़ीदार, बेरोजगार नौजवान सरकार से पूरी तरह हताश व निराश हैं और समाज का हर वर्ग आने वाले चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने के मूड में है। राजेंद्र राणा ने बाद में डेरा पंचायत के अंतर्गत दरसाल व टिकरु के महिला मंडलों को सम्मानित किया और उन्हें टैंट व 12- 12 हजार रुपए की राशि प्रदान की।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News