भाजपा एक अनुशासित संगठन, यहां बड़े नेता भी आम कार्यकर्ता: नरेंद्र ठाकुर

Friday, May 20, 2022 - 12:59 AM (IST)

हमीरपुर/मंडी (राजीव/ब्यूरो): हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित संगठन है और इसमें बड़े से बड़ा नेता भी आम कार्यकर्ता की भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जहां तक पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का सवाल है तो वे पार्टी के सम्माननीय नेता हैं और उन्होंने भी एक आम कार्यकर्ता की तरह पार्टी द्वारा दी गई सभी जिम्मेदारियों का बख़ूबी निर्वहन किया है और कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में हुई अनियमितताओं की जांच में सरकार की नीयत बिल्कुल साफ है और मामले की गंभीरतापूर्वक जांच करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ  सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने  कहा कि कांग्रेस के शासन में घोटालों को दबाया जाता रहा है लेकिन भाजपा के शासन में सदैव पारदर्शिता रही है। 

कांग्रेस रैली में सुनने वालों से ज्यादा टिकटार्थी 
विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कांग्रेस द्वारा हमीरपुर के गांधी चौक में आयोजित की गई रैली को फ्लॉप करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को सुनने वालों से ज्यादा टिकट के चाहवानों का जमावड़ा अधिक देखने को मिला। यहां तक कि जिला कांग्रेस के एक मुख्य नेता ने भी आज की रैली से किनारा कर लिया। इससे कांग्रेस में मौजूद अंतर्कलह साफतौर पर दिखाई दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस अपनी महात्वाकांक्षी जनसभा में संख्या जुटाने में असमर्थ रही उससे साबित होता है कि जनता का अब इस पार्टी से मोहभंग हो चुका है। आज की जनसभा को जिस तरह हमीरपुर की जनता ने नकारा है इससे प्रमाणित होता है कि सत्ता में आने का कांग्रेस का सपना फिलहाल पूरा होता नजर नहीं आता। भाजपा विकास और जनकल्याणकारी नीतियों के कारण फिर से हिमाचल प्रदेश में अपनी सरकार बनाने जा रही है।

प्रदेश भ्रमण करें सुक्खू, पूरे हिमाचल में हो रहा विकास : जम्वाल
उधर, मंडी में जारी प्रैस बयान में भाजपा महामंत्री राकेश जम्वाल ने कहा कि सुक्खू को पूरे प्रदेश का भ्रमण कर लेना चाहिए, खुद विकास दिख जाएगा। पता नहीं कांग्रेस नेताओं को सराज और धर्मपुर में ही विकास दिख रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक बराबर विकास कार्य करवाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मुंगेरीलाल के सपने देखना बंद कर दें और भाजपा मिशन रिपीट होगा और फिर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार बनेगी। वहीं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राम कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल भाजपा के सम्माननीय नेता हैं और पार्टी उनकी तरफ से दिए निर्देशों का अनुसरण करती है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay