MLA जिया लाल कपूर ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस का हाथ अब देशद्रोहियों के साथ(Video)

Friday, Apr 12, 2019 - 11:24 AM (IST)

चम्बा (विनोद): कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में देशद्रोह कानून को समाप्त करने की बात को शामिल कर यह जता दिया है कि कांग्रेस का हाथ अब देशद्रोहियों के साथ है। भरमौर-पांगी के विधायक जिया लाल कपूर ने सदर विधायक पवन नैय्यर की मौजूदगी में जिला मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पांगी को चैहणी सुरंग निर्माण के नाम पर कांग्रेस पिछले 70 वर्षों से पांगीवासियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती रही लेकिन प्रदेश की जयराम सरकार ने अपने अब तक के महज डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में इस दिशा में प्रभावी कदम उठाते हुए इस सुरंग निर्माण के अंतिम सर्वे के लिए केंद्र से स्वीकृति हेतु मामला भेज दिया है। उन्होंने पांगीवासियों द्वारा लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने के सवाल पर कहा कि पांगी के लोग सरकार को थोड़ा समय दें।

कांग्रेस लौटाए चम्बा के पैसे

इस मौके पर सदर विधायक पवन नैय्यर ने कहा कि पहले तो कांग्रेस पार्टी चम्बा का जो लाडा का पैसा (करीब 75 लाख रुपए) ज्वाली ले गई थी, उसे चम्बा को लौटाए। उन्होंने कहा कि सांसद का कार्य विकास कार्यों के लिए अपने संसदीय क्षेत्र को धन जारी करना होता है लेकिन कांग्रेस के पूर्व सांसद अपने समय में चम्बा का पैसा अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए ले गए। चम्बा जिला की जनता इस बात को भूली नहीं है और इस बार के चुनावों में कांग्रेस से उस पैसे का हिसाब मांगा जाएगा।

Vijay