Kangra: देहरी कॉलेज में MLA भवानी सिंह पठानिया ने सम्मानित किए होनहार, छात्रों को दिया सफलता का मंत्र
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 07:54 PM (IST)
रैहन (दुर्गेश कटोच): वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी में सत्र 2025-26 का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस आयोजन में मुख्यातिथि के रूप में स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश योजना विभाग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) भवानी सिंह पठानिया ने शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रिटायर्ड प्रिंसिपल वीके शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। मुख्यातिथि विधायक भवानी सिंह पठानिया और विशिष्ट अतिथि वीके शर्मा का महाविद्यालय परिसर में पहुंचने पर कॉलेज परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण और छात्र प्रतिनिधियों ने अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि विधायक भवानी सिंह पठानिया ने छात्र-छात्राओं को जीवन में सफल होने के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य तय करने चाहिए। जीवन में सफलता रातोंरात नहीं मिलती, बल्कि निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प से ही हासिल होती है। आज का युवा देश का भविष्य है और उसे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। विधायक पठानिया ने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और देश की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी।
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा। इस दाैरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथि के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण के बाद विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने सभी ने खूब सराहा। मुख्यातिथि ने भी कलाकारों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कॉलेज के शिक्षकों और छात्र संघ के सहयोग से कार्यक्रम का संचालन किया गया।

