25 लाख की सियुल उठाऊ पेयजल योजना बुझाएगी 13 पंचायतों के लोगों की प्यास : आशा कुमारी

Thursday, Jul 28, 2022 - 10:56 PM (IST)

सलूणी (शक्ति): विधायक प्राथमिकता के तहत स्वीकृत 25 लाख रुपए की सियुल नदी पर उठाऊ पेयजल योजना से क्षेत्र की 13 पंचायतों में पेयजल किल्लत दूर होगी। इसमें भांदल, स्नूह, किहार, सूरी, किलोड डांड, लिग्गा, खरल, दरेकड़ी, भड़ेला, पिछला डियूर, खडजौता व कंधवारा पंचायतें शामिल हैं। यह बात डल्हौजी की विधायक आशा कुमारी ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि 25 लाख रुपए से लिंक रोड जुत्राहन, 25 लाख रुपए से लिंक रोड गांव भुनाड़ से नगरोड़, 25 लाख रुपए से लिंक रोड जंदरीघाट से देवीदेहरा बाया नगेला, 25 लाख रुपए से कोथला नाला-डल्हौजी कैंट में पुल का निर्माण किया जाएगा। सभी योजनाओं को विधायक प्राथमिकता के तहत स्वीकृति के साथ धन राशि विभाग को उपलब्ध करवा दी है। 

भाजपा के शासनकाल में आसमान छू रही महंगाई
आशा कुमारी ने कहा हा कि भाजपा के शासनकाल में महंगाई आसमान छू रही है और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। 400 रुपए का घरेलू गैस सिलैंडर आज 1100 रुपए में व हर घर में प्रयोग होने वाला सरसों का तेल 240 रुपए की कीमत को पार कर चुका है लेकिन सरकार गैस व सरसों के तेल सहित अन्य खाद्य वस्तुओं के आसमान छू रहे मूल्यों को नियंत्रण करने में नाकाम है। 

प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े
आशा कुमारी ने कहा कि डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुए कार्य जहां पर छोड़े थे उन कार्यों का भाजपा की सरकार आगे निर्माण नहीं करवा पाई। सिर्फ कांग्रेस के कार्यों पर भाजपा के नेता अपना टैग लगा कर झूठी वाहवाही बटोर रहे हैं। प्रदेश की जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। भाजपा सरकार लोगों को रिझाने के लिए आनन-फानन में स्कूलों को अपग्रेड करने की अधिसूचना जारी कर रही है। स्कूल में अध्यापकों की नियुक्ति न कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस महासचिव डीएस पठानिया सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay