लापता महिला का झील में तैरता मिला शव, मायका पक्ष का थाने व ससुराल में हंगामा

Saturday, May 26, 2018 - 08:24 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश): सुंदरनगर के अंतर्गत आती चमुखा पंचायत निवासी एक महिला का शव बी.बी.एम.बी. झील में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चमुखा निवासी सुमित्रा देवी (29) पत्नी सुरेश कुमार रोजना की तरह शुक्रवार रात को भोजन के उपरांत अपने कमरे में सो गई। जब पति सुबह उठा तो उसने उसे घर से लापता पाया। काफी देर तक तलाश करने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दूसरी ओर पुलिस थाना में बी.बी.एम.बी. झील में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने मौके पर जाकर महिला के शव को कब्जे में लिया, जिसकी पहचान सुमित्रा देवी के रूप में हुई।


पुलिस ने हंगामे की वीडियों रिकॉर्डिंग की
इसके उपरांत महिला के मायका पक्ष से आए लोगों ने पुलिस थाने में हंगामा कर दिया, जिसकी पुलिस ने वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली है। वहीं मायका पक्ष के लोगों ने महिला के ससुराल में जाकर भी हंगामा किया और मौत की जांच की मांग की। पुलिस थाना प्रभारी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने बताया कि सुबह ससुरालियों ने सुमित्रा के घर से लापता होने की जानकारी दी, जिसके बाद सुमित्रा का शव झील में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामला दर्ज कर पुलिस हर पहलू की कड़ी जांच कर रही है।

Vijay