भटावा के जंगल में मिला 4 दिन से गुमशुदा व्यक्ति का शव

Tuesday, Apr 23, 2019 - 01:00 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश) : बीते चार दिन से लापता व्यक्ति का शव पुलिस ने भटावा के जंगल से बरामद किया है। थाना खुंडिया के तहत ये मामला पेश आया है। मृतक व्यक्ति की पहचान 49 वर्षीय विनोद पुत्र भगत राम के रूप में हुई है। बहरहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है, ताकि व्यक्ति की मौत के सही कारणों का पता चल सके। वहीं प्रारम्भिक जांच में पुलिस अंदेशा लगा रही है कि उक्त व्यक्ति ने आम के पेड़ की टहनी पर फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त की। हालांकि पुलिस ने इस बीच व्यक्ति द्वारा फंदे के लिए प्रयोग में ली गई रस्सी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। डी.एस. पी. ज्वालाजी तिलक राज ने मामले की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार विनोद कुमार बीती 19 तारीख को दिन के लगभग एक बजे घर में किसी को बिना बताए यहां से कहीं चला गया था। इस बीच जब देर रात तक भी विनोद घर वापिस नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश अपने स्तर पर करनी शुरू की। परिजनों द्वारा सभी रिस्तेदारों, सगे सबन्धियों से बात करने के बाद भी विनोद का जब कोई अता पता नहीं चला तो उसके बड़े भाई बाबू राम ने 21 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट स्थानीय चौकी में दर्ज करवाई। ए.एस.आई. रंजीत परमार इस मामले की जांच कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति कुछ दिनों से परेशान चल रहा था।

 

झाड़ियों में पड़ा था शव

उक्त व्यक्ति का शव भटावा के जंगल मे झड़ियों के बीच पड़ा हुआ है इसकी जानकारी एक पंचायत के उपप्रधान ईश्वर दास ने स्थानीय पुलिस को दी। देर शाम साढ़े 6 बजे के लगभग सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ए.एस.आई. रणजीत परमार ने उक्त व्यक्ति का शव मिलने के बाद उसके परिजनों को इस बारे सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पाया की जिस आम के पेड़ की टहनी का सहारा लेकर व्यक्ति ने फंदा लगाया था वह भी टूट कर नीचे ही गिरी हुई थी।

 

अपने पीछे 5 बच्चों व पत्नी को अकेला छोड़ गया विनोद

विनोद की मौत की खबर मिलने के बाद जहां क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वही उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। विनोद की पत्नी व उसके बच्चों को तो विश्वास ही नहीं हो रहा की उनका पिता इस तरह का कदम भी उठा सकता है। बता दें कि विनोद अपने पीछे अपनी पत्नी व पांच बच्चों को छोड़ गया है। विनोद की 4 बेटियां व 1 बेटा है। इसमें दो बेटियां 12वीं की पढ़ाई करने के बाद सिलाई कड़ाई का काम सीख रही है। जबकि दो बेटियों में एक 12वीं व एक 10वीं की पढ़ाई कर रही है। वही विनोद का बेटा जो अपनी बहनों में सबसे छोटा है वह 5वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है।

 

kirti