रहस्यमय हालत में गायब हुआ फॉरेस्ट गार्ड, चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

Thursday, Jun 08, 2017 - 03:50 PM (IST)

मंडी: हिमाचल के मंडी जिले के वन मंडल करसोग में तैनात एक फॉरेस्ट गार्ड रहस्यमय हालात में लापता हो गया है। 22 साल का होशियार सिंह आखिरी बार सोमवार को सेरी कतांडा में वन विभाग की नर्सरी में था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। बताया जाता है कि लापता होने से पहले उसने वन विभाग की नर्सरी से स्थानीय महिला मंडल को पौधे दिए थे। वहीं वन खंड अधिकारी ने इस संबंध में पुलिस थाना करसोग में मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।  


ड्यूटी को लेकर काफी गंभीर था होशियार सिंह
करसोग पुलिस ने ए.एस.आई. भौम प्रकाश के नेतृत्व में एक टीम बनाई है जो उसकी खोज कर रही है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक करके पता लगाने की कोशिश की है मगर फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। बताया जाता है कि नौकरी के बाद होशियार सिंह ड्यूटी को लेकर काफी गंभीर था। आशंका यह भी है कि कहीं वनों में अवैध गतिविधियां चलाने वाले किसी शख्स या माफिया ने होशियार को निशाना न बनाया हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके परिजनों सहित अन्य ग्रामीण भी सेरी कतांडा पहुंच गए हैं। स्थानीय लोगों के अलावा वन रक्षक उसकी जंगलों में तलाश कर रहे हैं।