नाबालिग लड़की किडनैप, 6 दिन बाद दर्ज हुआ मामला

Saturday, Jul 15, 2017 - 10:48 PM (IST)

मनाली: मनाली पुलिस थाना में 15 साल की एक नाबालिग लड़की के अपहरण होने का मामला दर्ज हुआ है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर उनकी बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी थाना-चौकियों को लड़की के फोटो प्रेषित कर अलर्ट कर दिया है। परिजनों को लाडली की सुरक्षा की चिंता भी सताने लगी है। नेपाली मूल की यह लड़की 8 जुलाई से लापता है। परिजनों ने अपने जान-पहचान वालों सहित रिश्तेदारों के यहां भी लड़की को ढूंढा लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस के पास शिकायत की है। 

परिजनों ने शुक्रवार को दर्ज करवाया मामला
जानकारी के अनुसार लड़की के परिजन शुक्रवार शाम मनाली थाना पहुंचे। उन्होंने लड़की के लापता होने की बात कही और शक जताया कि किसी ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया है। पुलिस ने शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। कोटखाई में गुडिय़ा और भुंतर में निर्भया के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म और मर्डर की घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढा जाए। कुल्लू के एडीशनल एस.पी. निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस बारीकी से मामले की छानबीन कर रही है।