हैवानियत का शिकार हुई नाबालिग लड़की, 6 माह का गर्भ ठहरा

Friday, Feb 23, 2018 - 09:29 PM (IST)

करसोग: जिला मंडी के उपमंडल करसोग में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दुष्कर्म का शिकार होने के बाद नाबालिग गर्भवती हो गई व उसके पेट में 6 माह का गर्भ पल रहा है। करसोग थाना प्रभारी ओंकार नाथ ने बताया कि पीड़िता शुक्रवार सुबह अपनी मां के साथ करसोग थाने पहुंची तथा दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करवाई। जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की गत वर्ष जुलाई माह में अपने घर के पास जंगल में मवेशी चराने गई थी। इस दौरान वहां ठाकुर दास पुत्र पदम देव निवासी टिक्कर (शोरशन) ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। इसके बाद आरोपी ने किसी को भी यह बात न बताने के लिए उसे डराया-धमकाया।

गर्भवती होने पर हुआ मामले का पटाक्षेप 
दुष्कर्म का शिकार होने के बाद नाबालिग लड़की डरी-सहमी घर पहुंची तथा किसी को भी इसकी जानकारी नहीं दी। जब वह गर्भवती हो गई तो परिजनों को इसकी भनक लगी और मामले का पटाक्षेप हो गया। इसके बाद परिजनों ने करसोग थाना का रुख किया तथा न्याय के लिए गुहार लगाई। दुष्कर्म के मामले में संलिप्त आरोपी फरार बताया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित नाबालिग लड़की का मैडीकल परीक्षण करसोग अस्पताल में करवाया गया है तथा अभी उसके कुछ टैस्ट होने बाकी हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस जल्द ही हिरासत में लेगी।