घर से भाग कर नाबालिग लड़की रचाने चली थी शादी, विभाग ने किया परिजनों के हवाले

Wednesday, Oct 30, 2019 - 07:49 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): बंजार में एक नाबालिग लड़की व बालिग लड़का शादी करने के लिए घर से भाग गए लेकिन सूचना मिलते ही बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग ने इस बाल विवाह को होने से रोक दिया। मामले की सूचना मिलते ही परियोजना अधिकारी बंजार को इस बारे में सूचित किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी बंजार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें वृत्त बाहू के सुपरवाइजर कश्मीर सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा वृत्त बंजार की सुपरवाइजर रेखा कुमारी को शामिल करते हुए लड़के के परिवार वालों से संपर्क साधकर नाबालिग लड़की का पता लगाया गया तथा इसकी सूचना लड़की के पिता को देकर दोनों पक्षों को बाल विकास परियोजना कार्यालय बंजार बुलाया गया।

कार्यालय में दोनों पक्षों को बाल विवाह जैसी बुराई के बुरे परिणामों एवं सरकार द्वारा इस बुराई की रोकथाम हेतु बनाए गए बाल विवाह प्रथा प्रतिरोधक अधिनियम के बारे में जानकारी देते हुए उनकी काऊंसलिंग की गई तथा लड़की को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया और परामर्श दिया गया कि वह लड़की को पुन: स्कूल में पढ़ने भेजें और लड़की के बालिग होने के पश्चात ही उसके विवाह के बारे में सोचें।

वहीं डीपीओ कुल्लू वीरेंद्र आर्य ने बताया कि गुप्त सूचना के अनुसार इस मामले का पता चला था। छानबीन करने पर पता चला कि लड़की 16 साल की है। लड़का और लड़की कहीं जंगल में जा कर छुप गए थे, जिस कारण विभाग को काफी कसरत करनी पड़ी। लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं लड़की के परिजनों को उसे पुन: पढ़ने के लिए स्कूल भेजने की सलाह दी गई है।

Vijay