रावी नदी में मिंजर प्रवाहित करने के साथ चम्बा का ऐतिहासिक मिंजर मेला संपन्न (Watch Pics)

Sunday, Aug 04, 2019 - 09:26 PM (IST)

चम्बा (विनोद): चम्बा का ऐतिहासिक मिंजर मेला रविवार को विधिवत रूप से संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में नगर के ऐतिहासिक अखंड चंडी महल से मेला की समापन शोभायात्रा रावी नदी किनारे मौजूद मंजरी गार्डन के लिए निकाली। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की अगुवाई के साथ पारंपरिक प्रस्तुतियां पेश करते जिला के विभिन्न सांस्कृतिक दलों के साथ पुलिस का मार्चपास्ट बेहद आकर्षक रहा।

इस समापन शोभायात्रा में जिला के विभिन्न देवी-देवताओं ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया तो साथ ही इस शोभायात्रा को देखने के लिए हजारों लोग मुख्य सड़क के दोनों तरफ मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने अखंड चंडी महल से लेकर मंजरी गार्डन तक गाड़ी में सफर तय किया। उन्होंने लोगों का अभिवादन किया तो साथ ही मंजरी गार्डन पहुंचकर मिंजर को रावी नदी में प्रवाहित किया। इसके साथ ही यह 8 दिवसीय ऐतिहासिक मिंजर मेला धूमधाम से संपन्न हो गया।

गौरतलब है कि इस बार ऐतिहासिक मिंजर मेला का शुभारंभ 28 जुलाई को हुआ था, जिसका समापन मुख्यमंत्री के हाथों रविवार की शाम को मिंजर को प्रवाहित करने के साथ हो गया।

शोभायात्रा में सदर विधायक पवन नैयर, विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज, कैबिनेट मंत्री सरवीण चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष एवं जिला मार्कीट कमेटी अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, भरमौर विधायक जिया लाल कपूर, भटियात विधायक बिक्रम जरयाल, डी.सी. चम्बा विवेक भाटिया, एस.पी. चम्बा डॉ. मोनिका, उपाध्यक्ष प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह व भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार सहित अन्य शामिल रहे।

Vijay