कुटलैहड़ में जड़ से खत्म करूंगा पानी की समस्या तभी लड़ूंगा 5वां चुनाव : वीरेंद्र कंवर

punjabkesari.in Wednesday, Jun 02, 2021 - 04:24 PM (IST)

जोल (नरेन्द्र शर्मा): कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने कहा है कि इस बार प्रदेश में रिकाॅर्ड तोड़ गेहूं की खरीद हुई है। यह सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। थानाकलां में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि पहले किसान आढ़तियों के हाथों ठगा जाता था। उन्हें वाजिब दाम भी नहीं मिलते थे लेकिन इस बार एफसीआई के माध्यम से गेहूं की खरीद हुई तो उन्हें अच्छे दाम मिले हैं। उन्होंने कहा कि पहले आढ़ती किसानों से काफी कम दामों पर गेहूं खरीदकर पंजाब में उसे उच्च दामों पर मिलते थे लेकिन इस बार 1975 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का मूल्य मिला है। बिना किसी विचौलिए के किसान और खरीद केंद्र के बीच सीधा संपर्क हुआ है।

पंजाब ने फसल लेने से किया इंकार, हिमाचल में 10 खरीद केंद्रों की स्थापना की

कृषि मंत्री ने कहा कि इस बार पंजाब ने फसल लेने से इंकार कर दिया तो हिमाचल में 10 खरीद केंद्रों की स्थापना की। शुरूआती दौर पर दिक्कतें तो आई लेकिन शीघ्र ही व्यवस्थाएं ठीक कर दी गई। पहले हिमाचल में मात्र 31,000 क्विंटल खरीददारी हुई लेकिन अब यह आंकड़ा एक लाख क्विंटल को पार कर गया है। हालांकि कुछ किसान रह गए। उसके बाद केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया कि खरीद की समय सीमा बढ़ाई जाए। कृषि मंत्री ने कहा उन्हें प्रसन्नता है कि केन्द्र की मोदी सरकार ने उनकी बात मानी और 10 जून तक समयसीमा भी बढ़ी और खरीद की क्षमता को भी बढ़ाया।

कुटलैहड़ क्षेत्र में दशकों से चली आ रही समस्या का हाेगा निवारण

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में दशकों से चली आ रही पीने के पानी की समस्या का पूरी तरह से निवारण कर दिया जाएगा। कोई समय था जब यहां टैंकरों के जरिए पानी की सप्लाई होती थी लेकिन जब से वह विधायक बने हैं तब से लेकर लगातार पानी की समस्या दूर की जा रही है। सबसे पहले ऊना के बरनोह से पानी लाकर 17 पंचायतों की प्यास बुझाई गई। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में काफी संख्या में हैंडपम्प लगाए गए। वर्षा जल संरक्षण के लिए टैंक बनाए गए। हालांकि लोगों ने उनमें सप्लाई का पानी भरना भी शुरू कर दिया।

कुटलैहड़ में पानी की समस्या के लिए कांग्रेस सरकारें जिम्मेदार

कृषि मंत्री ने कहा कि 10 हजार पानी के कनैक्शन भी लोगों को उपलब्ध करवाए गए। घर-घर तक कनैक्शन पहुंचा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में पानी की समस्या के लिए कांग्रेस सरकारें जिम्मेदार रही हैं। जब जब कांग्रेस सरकार सत्ता में आई तो पेयजल योजना के कार्यों में काफी विलम्ब हुआ। वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि उन्होंने लोगों से वायदा किया है कि 5वीं बार वह इलैक्शन तब लड़ेंगे जब पानी की समस्या का जड़ तक समाधान कर देंगे। रामगढ़धार पेयजल योजना साढ़े 14 करोड़ रुपए से सुदृढ़ की जा रही है। काम चला है। बंगाणा की 17 पंचायतों का अलग से योजना चल रही है। इस क्षेत्र में जहां 4 लाख लीटर पानी होता था वहां अब 25 लाख लीटर पानी होगा। बडूही से पानी उठाकर तप्पा धनेट के लिए साढ़े 6 करोड़ रुपए की योजना बनाई। सोलहसिंगी धार की पुरानी पेयजल योजना काफी खराब हो चुकी है। अब इस योजना के पुर्नद्वार के लिए 16 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जल जीवन मिशन में 22 करोड़ रुपए कुटलैहड़ के लिए स्वीकृत हुआ है। वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि जब मैं अगले वर्ष चुनाव में जाऊंगा तो पानी की समस्या जड़ से खत्म होगी।

विपक्ष के नेताओं का देखने को मिल रहा दोहरा चरित्र

कोरोना को लेकर सरकारी की आलोचना करने वाले विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेताओं का दोहरा चरित्र देखने को मिल रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कभी भी जनता के दुख दर्द को नहीं समझा बल्कि उनका काम नुक्ताचीनी का रहा है। हिमाचल सरकार कोरोना की संभावित तीसरी लहर से लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। पहली लहर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बखूबी संभाला गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसकी प्रशंसा की। दूसरी लहर में संकट तो आए लेकिन कहीं भी ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने तमाम वह जरूरी उपकरणों की कमी नहीं होने दी जिनकी जरूरत थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता भ्रमित और पथ भ्रष्ट हो चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News