मछुआरों के लिए वरदान साबित होगी पीएम मत्स्य संपदा योजना : वीरेंद्र कंवर

punjabkesari.in Friday, Dec 18, 2020 - 06:42 PM (IST)

फतेहपुर/नूरपुर (अजय/संजीव): ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि मत्स्य पालन को बढ़ावा देने तथा मछुआरों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना मछुआरों की आय को दोगुना करने में वरदान साबित होगी। यह बात कांगड़ा जिला के फतेहपुर उपमंडल के खटियाड़ में मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित मछुआरा लाभार्थी सम्मेलन में कही। उन्होंने बताया कि यह योजना आगामी 5 वर्षों तक प्रभावी रहेगी। इस मौके पर गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर तथा राज्यसभा के पूर्व सांसद कृपाल परमार भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
PunjabKesari, Minister Image

इस मौके पर मंत्री ने 99 मछुआरों को लाइफ जैकेट्स प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि पौंग डैम मंडल के तहत 15 सहकारी सभाओं के कुल 1798 मछुआरों को ये जैकेट्स वितरित की जा रही हैं। विभाग द्वारा मछुआरों को बंद सीजन के दौरान 3000 रुपए प्रतिमाह राहत भत्ता प्रदान किया जा रहा है, जिसे बढ़ा कर 4500 रुपए किया जा रहा है। मछुआरों की बीमा राशि को 2 लाख रुपए से बढ़ा कर 5 लाख रुपए किया गया है, जबकि स्थाई दिव्यांगता की स्थिति में उन्हें 2.50 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। 

इससे पहले मंत्री ने फतेहपुर की मच्छोट पंचायत में 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री लोक भवन की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनावों में योग्य, ईमानदार तथा काम करने वाले लोगों को जिताने की अपील की ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके। इस मौके पर राज्यसभा के पूर्व सांसद कृपाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर उपायुक्त राकेश प्रजापति, मत्स्य विभाग के निदेशक सतपाल मेहता, एसडीएम बलवान चंद मंढोत्रा, बीडीओ राज कुमार, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप धीमान, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता सुशील कटोच सहित अन्य गणमान्य व लोग उपस्थित रहे।

मच्छोट पंचायत को 20 लाख रुपए देने की घोषणा

ग्रामीण विकास मंत्री ने डुहक, रे खास, टटवाली, स्थाना, कुडल, बाड़ी, पोलियां, ध्याना तथा धमेटा पंचायतों में रास्तों के निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपए जबकि मच्छोट पंचायत के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने पंचायत चुनावों में मच्छोट पंचायत के सर्वसम्मति से चुनने पर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 10 लाख रुपए की राशि के अतिरिक्त अपनी ओर से 10 लाख रुपए की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने विभाग से पूरी रिपोर्ट लेने के पश्चात यहां पर कृषि विभाग का कार्यालय खोलने का भी आश्वासन दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News