हिमाचल की पहाड़ी गाय गौरी के संवर्द्धन के लिए 4.64 करोड़ का प्रोजैक्ट मंजूर

Sunday, Mar 21, 2021 - 11:20 PM (IST)

बंगाणा (ब्यूरो): ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में आयोजित हिमाचल प्रदेश राज्य वैटर्नरी काऊंसिल के सैमीनार में कहा कि हिमाचल की पहाड़ी गाय को गौरी नाम दिया गया है। इसके संवर्द्धन के लिए केन्द्र सरकार ने 4.64 करोड़ रुपए की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहाड़ी गाय पर अनुसंधान कर इनकी नस्ल में सुधार करेगी, जिसके लिए एक रिसर्च सैंटर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जगह चयनित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस सैंटर के खुलने से जहां पहाड़ी गाय पर शोध होगा, वहीं प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के गऊसदनों में 16,500 बेसहारा गौवंश को आश्रय प्रदान किया गया है तथा प्रदेश सरकार ने मार्च 2022 तक प्रदेश की सड़कों को बेसहारा पशुमुक्त करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेश में गौ अभ्यारण्यों का निर्माण हो रहा है तथा मौजूदा गऊसदनों का भी विस्तार किया जा रहा है। पशुओं को सड़क पर छोडऩे वालों के विरुद्ध कड़े कानून बनाए जा रहे हैं।

Content Writer

Vijay