"कंगना मेरी बड़ी बहन, भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे", सांसद के कूड़ा-कचरा वाले बयान पर विक्रमादित्य का पलटवार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 07:25 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत की हालिया बयानबाजी पर कड़ा पलटवार किया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन (कॉक्रोच जनता पार्टी के आंदोलन) के संदर्भ में सांसद कंगना रनौत द्वारा कथित तौर पर आंदोलनकारियों व युवाओं के लिए कूड़ा-कचरा शब्द का इस्तेमाल किए जाने पर मंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई है।

कुल्लू में मीडिया से बातचीत करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सांसद का यह बयान भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की सोच से बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि एक तरफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को अपना मित्र कहकर संबोधित करते हैं और उन्हें देश का भविष्य बताते हैं। वहीं दूसरी तरफ, उन्हीं की पार्टी की सांसद देश के भविष्य यानी युवाओं की तुलना कूड़े-कचरे से कर रही हैं  मंत्री ने इस बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि युवाओं के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता।

अपने चिर-परिचित अंदाज में विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत हमारी बड़ी बहन हैं, लेकिन वह जिस प्रकार से आए दिन अनाप-शनाप बयानबाजी कर रही हैं, वह सही नहीं है। मंत्री ने आगे कहा कि देश और प्रदेश के युवा ही आने वाले कल के निर्माता हैं। ऐसे में उनके खिलाफ ऐसी अपमानजनक संज्ञा का उपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश के समस्त देवी-देवताओं से यही प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें (कंगना को) सद्बुद्धि प्रदान करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News