एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए सारी हदें पार कर रहे कांग्रेस नेता : विक्रम ठाकुर

Sunday, Oct 11, 2020 - 06:30 PM (IST)

डाडासीबा (सुनील): उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम रही है। रविवार को जसवां में पत्रकारों से बातचीत में उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के कार्यक्रम में कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आई है। कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए सारी हदें पार कर रहे हैं। हर दूसरा नेता अपने आपको मुख्यमंत्री की दौड़ में बेहतर बताने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है। कांग्रेस में इस समय 10-10 व्यक्ति मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हैं लेकिन 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

कोरोना काल में अखबारों की सुर्खियां बटोरने में लगा रहा विपक्ष

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना काल में बेहतरीन काम किया है जबकि विपक्ष इस दौरान मात्र अखबारों की सुर्खियां बटोरने में लगा रहा। उन्होंने कांग्रेस पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वैश्विक महामारी में जितना खर्चा सरकार का भी नहीं हुआ उससे भी ज्यादा खर्चा करने का दावा कांग्रेस पार्टी का हिमाचल प्रदेश की जनता के सामने आया है। बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं पर अपनी ही पार्टी को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह के नेताओं से प्रदेश के भले की अपेक्षा कभी भी नहीं की जा सकती। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से कांग्रेस नेता पूरी तरह से बौखला उठे हैं।

समस्त घरों तक गैस कनैक्शन पहुंचाने वाला हिमाचल पहला राज्य

हिमाचल सरकार ने जनहित में ऐसी योजनाएं क्रियान्वित की हैं जिनका लाभ आम लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पहला ऐसा राज्य है जिसने समस्त घरों तक गैस कनैक्शन पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है। मनरेगा में 40 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान होने से प्रदेश को इसका सबसे बड़ा लाभ मिला है। आज प्रदेश की प्रत्येक पंचायतों के हर वार्ड में मनरेगा के अंतर्गत विकासात्मक कार्य प्रगति पर हैं।

पर्यटन पॉलिटिक्स करते हैं राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों भाई-बहन नौटंकी कर रहे हैं। उनकी पर्यटन पॉलिटिक्स से देश की जनता अच्छी तरह से वाकिफ  हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस काम करने में नहीं बल्कि उसका ध्यान हर समय घोटालों की तरफ रहता है जिस कारण कांग्रेस की छवि पूर्णतया धूमिल हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में जयराम सरकार 2022 में भारी बहुमत से दोबारा सत्तासीन होगी जबकि कांग्रेस को विपक्ष का नेता बनने लायक सीटें भी हासिल नहीं होगी। 

Vijay