ग्रामीण विकास मंत्री ने बताए कांग्रेस के इरादे, जानिए किसका विकास करने आती है सत्ता में

Saturday, Mar 24, 2018 - 07:25 PM (IST)

ऊना: सत्ता में भाजपा विकास करने के इरादे से आती है जबकि कांग्रेस माफिया का विकास करने के इरादे से सत्ता पर काबिज होती है। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में खनन, वन, चिट्टा जैसे कई तरह के माफिया का ही विकास हुआ है जिसका खामियाजा ऊना जिला ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल को भुगतना पड़ा है। यह बात मैहतपुर-बसदेहड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास, पशुपालन एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में 300 रुपए में मिलने वाली एक रेत की ट्राली को कांग्रेस ने 5000 रुपए में बेचा जबकि अन्य राज्यों में प्रदेश की रेत प्रति टिप्पर 50 हजार रुपए में बेचा। 

कांग्रेस काल में जमकर लूटे गए प्रदेश के संसाधन
उन्होंने कहा कि कांग्रेस काल में माफिया का बोलबाला रहा और जमकर प्रदेश के संसाधनों को लूटा गया। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार है और माफिया को खत्म करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का समय निकल चुका है और भाजपा ने सत्ता में आकर विकास की कमान संभाली है। कांग्रेस कार्यकाल में झूठे उदघाटन, शिलान्यास हुए और भूमिपूजन किए गए लेकिन एक रुपया तक मुहैया नहीं करवाया गया। उन्होंने कहा कि कई ऐसे हवाहवाई स्वास्थ्य संस्थान खोले गए जिनका न तो कोई गांव मिला न वह स्वयं धरातल पर मिले। अब भाजपा ने सत्ता में आकर नए इतिहास की शुरूआत की है।

Punjab Kesari