ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी बने हिमाचल हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष

Saturday, Jul 24, 2021 - 09:49 PM (IST)

धर्मशाला (तनुज): हिमाचल प्रदेश हॉकी एसोसिएशन की कमान अब राज्य के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी को सौंपी गई है। शनिवार को धर्मशाला में एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए सुखराम चौधरी को अध्यक्ष चुना है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बाद अब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को एसोसिएशन की कमान मिली है। शनिवार को एचपीसीए धर्मशाला में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें ऊर्जा मंत्री को अध्यक्ष चुने जाने के अलावा हमीरपुर जिले से संबंध रखने वाले द्रोणाचार्य अवार्डी रमेश पठानिया को महासचिव और मंडी के राजा सिंह मल्होत्रा को कोषाध्यक्ष का दायित्व मिला है।

हॉकी एसोसिएशन हिमाचल के चुनाव में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने अध्यक्ष पद, द्रोणाचार्य अवार्डी रमेश पठानिया ने महासचिव पद और राजा सिंह मल्होत्रा ने कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था। इन नामांकनों के मुकाबले में कोई नामांकन न होने पर सर्वसम्मति से ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी को निर्विरोध अध्यक्ष, रमेश पठानिया को महासचिव और राजा सिंह मल्होत्रा को कोषाध्यक्ष चुन लिया गया।

नवनियुक्त महासचिव रमेश पठानिया ने बताया कि शनिवार को आयोजित बैठक में पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के कार्यकाल में प्रदेश की जूनियर तथा सीनियर टीमों की परफॉर्मैंस पर भी चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि उनके कार्यकाल में इंडिया कैंप में 4 खिलाड़ी चयनित हुए थे। वहीं राष्ट्रीय मुकाबले जीतने तथा टॉप में रही टीमों के बारे में भी जानकारी दी गई।

बता दें कि हॉकी एसोसिएशन हिमाचल में हर जिले से 2 प्रतिनिधि शामिल किए जाते हैं तथा कार्यकारिणी में 60 फीसदी पुरुष व 40 फीसदी महिलाओं का कोटा तय किया गया है। हॉकी एसोसिएशन हिमाचल में 12 पदाधिकारी, 5 एग्जीक्यूटिव मैंबर व अन्य सदस्य शामिल होते हैं।

Content Writer

Vijay