प्राकृतिक खेती को लेकर देश का पहला राज्य बनने जा रहा हिमाचल : रामलाल मारकंडा

punjabkesari.in Friday, Sep 13, 2019 - 08:24 PM (IST)

नालागढ़ (आदित्य): प्राकृतिक खेती को लेकर हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बनने जा रहा है। प्रदेश में 6400 किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है। हिमाचल के लिए सरकार कई योजनाओं पर कार्य कर रही है ताकि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिल सके। यह बात कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने नालागढ़ में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। वह ऊना से  परवाणु जा रहे थे लेकिन कुछ समय के लिए नालागढ़ आयुर्वैदिक चिकित्सालय में रुके जहां पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।  

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 17,872 किसानों ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है। वहीं शिमला में 4 दुकानें भी खोल गईं हैं, जिसमें प्राकृतिक खेती की सामग्री लोगों को उचित दामों में मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग रासायनिक खादों की खेती से होने वाली अनेक बीमारियों से ग्रस्त हैं, इसलिए प्रदेश के किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने के लिए कई प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे किसान लाभान्वित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को दुग्ध उत्पादन के लिए देसी गाय पर सबसिडी दी जा रही है, वहीं किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए सोलर फैंसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 60 लाख रुपए तक ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है ताकि लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा के लिए किसान क्रैडिट कार्ड के माध्यम से ही ऋण उपलब्ध करवाएगी और यह योजना शीघ्र ही शुरू की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News