ऊना दौरे पर मारकंडा बोले, 2022 तक प्राकृतिक खेती वाला राज्य बनेगा हिमाचल(Video)

Friday, Sep 13, 2019 - 03:31 PM (IST)

ऊना (अमित) : कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रोद्यौगिकी मंत्री रामलाल मारकंडा ने शुक्रवार को ऊना जिले का दौरा किया। इसके साथ ही उन्होंने ऊना सदर, कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ऊना विश्राम गृह में जनता की समस्याएं सुनी और मृदा परीक्षण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने ऊना के रामपुर में सब्जी व अनाज मंडी के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सब्जी मंडी के निर्माण के लिए उचित दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव त्यूड़ी में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित किसान मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

उन्होंने चिंतपूर्णी विधानसभा हल्के के टकारला में नवनिर्मित सब्जी,फल व अनाज उपमंडी का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत अभी तक 6400 किसानों को मास्टर ट्रेनर बनाया है। वहीं इस साल दिसंबर तक 50 हजार किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी गांव में मृदा परीक्षण वैन जाकर किसानो के खेतों की मिट्टी की जांच करके उन्हें अच्छी पैदावार वाली फसल की भी जानकारी दी जाएगी। वहीं खेतों में बढ़ रहे रासायनों के सवाल पर कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में प्रदेश सरकार रासायनिक और जैविक खेती को बंद करके किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ेगी। 

उन्होंने कहा कि रासायनिक के साथ-साथ जैविक खेती में भी बिमारियों खतरा बना रहता है। कृषि मंत्री ने कहा कि 2022 तक हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती वाला राज्य बने इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है। वहीं कांगड़ा के पत्र बम को लेकर उभरे विवाद पर उन्होंने पत्र बम को मात्र एक शिगूफा करार दिया है। उन्होंने भाजपा में किसी भी तरह की तकरार की भी खारिज किया है।

kirti