राकेश पठानिया का पलटवार, बोले-मुख्यमंत्री नहीं नेता प्रतिपक्ष ले रहे यू टर्न

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2020 - 05:53 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): कांग्रेस को कोरोना को लेकर कोई भी राजनीति नहीं करनी चाहिए। शुक्रवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कही। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार के खिलाफ जमकर जहर उगला जोकि किसी भी तरीके से सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कोविड को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने जो भी कहा है, झूठ का पुलिंदा है, उनके आरोपों में कोई भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर यू टर्न लेने का आरोप लगाया जबकि हकीकत यह है कि यू टर्न नेता प्रतिपक्ष ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस कहती थी कि सीएम ओक ओवर में बैठे रहते हैं और अब जब मुख्यमंत्री प्रदेश का दौरा कर रहे हैं तो अब कहते हैं कि सीएम दौरे क्यों कर रहे हैं।

कांग्रेस के नेता अपनी किसी बात पर कायम नहीं

उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के नेता ही खुद कहते रहे कि बाहरी राज्यों में फंसे लोगों को वापस लाओ, जब सरकार लोगों को वापस लाई तो कांग्रेस ने यह आरोप लगाया कि सरकार कोरोना लेकर आ गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी किसी बात पर कायम ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का यह कहना कि भाजपा वालों को ही कोरोना हो रहा है, यह उनकी सोच को दर्शाता है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों की तरह हमने जनता से दूरी नहीं बनाई है।

कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष पर साधा निशाना

वहीं उन्होंने कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जिला कांगड़ा अध्यक्ष जब से कोरोना चला है तब से जिला में नहीं दिखे है। पठानिया ने कहा कि उन्होंने लॉकडाउन के दूसरे दिन से अपने क्षेत्र में राशन बांटना, मास्क और सैनिटाइजर बांटना शुरू कर दिया था जबकि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लॉकडाऊन में अपने घर से कितनी बार बाहर आए, यह उनसे पूछा जाना चाहिए।

क्या बोले कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष

उधर, जिला कांगड़ा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जैसे ही लॉकडाउन लगाया हम नियमों के आधार पर जहां थे वहीं रहे तो यह बात कैसी उठाई जा रही है कि कांग्रेस ने लॉकडाऊन के समय में काम नहीं किया है। लॉकडाऊन के समय हमारे संगठन ने खूब काम किया है। वन मंत्री जैसे ही नूरपुर में आए उस समय नियमों को ताक पर रख कर भीड़भाड़ में गए। आज नियमों की अवहेलना के चलते ही नूरपुर आधा लॉकडाउन है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News