कांगड़ा को लेकर भ्रम फैला रही कांग्रेस : राकेश पठानिया

Tuesday, Aug 04, 2020 - 10:29 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): कांग्रेस के निचले हिमाचल खासकर कांगड़ा को लेकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को मौजूदा भाजपा सरकार पूरी तरह समाप्त कर देगी। भाजपा सरकार ने प्रदेश में सत्तासीन होने के साथ ही पूरे प्रदेश के विकास को एकसमान गति प्रदान की है। इसमें चाहे सरकार की कैबिनेट में कांगड़ा के विधायकों को तरजीह देने की बात हो या फिर जिला में विकास कार्यांे को शुरू करवाने की बात हो। यह बात मंगलवार को धर्मशाला में वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

भाजपा के अगले मुख्यमंत्री भी जयराम ठाकुर ही होंगे 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिला कांगड़ा को लेकर हमेशा जनता के सामने भ्रम फैलाती है जबकि भाजपा ने कांगड़ा को विधानसभा अध्यक्ष के साथ-साथ 3 मंत्रियों सहित योजना बोर्ड उपाध्यक्ष का पद भी दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा के अगले मुख्यमंत्री भी जयराम ठाकुर ही होंगे लेकिन कांग्रेस का नेता कौन होगा, किसी को पता नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत इतनी ठीक नहीं है कि वह चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में 14 लोग ऐसे हैं जिनमें मुख्यमंत्री बनने की होड़ लगी हुई है।

संगठन भाजपा की रीढ़, कांग्रेस के पास कुछ नहीं

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए कांग्रेस हमेशा कांगड़ा के साथ भेदभाव करने की बातें उठाती है जोकि सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व बहुत स्पष्ट है। संगठन भाजपा की रीढ़ है जबकि कांग्रेस के पास कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन जिस तरह कार्य कर रहे हैं उससे प्रदेश का विकास कहीं भी पीछे नहीं है।

प्रदेश में 15 सितम्बर तक लागू होगी नई खेल नीति

उन्होंने कहा कि जल्द ही उनके विभाग द्वारा नई स्पोर्ट्स नीति कैबिनेट में लाई जाएगी और आगामी 15 सितम्बर तक इसे प्रदेश भर में लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे कई खेल संगठन हैं जोकि किसी भी स्तर पर पंजीकृत नहीं हैं। नई खेल नीति आने के बाद ऐसे सभी खेल संगठनों को पंजीकृत किया जाएगा ताकि वे अच्छे खिलाडिय़ों को मौका दे सकें।

कांगड़ा में जल्द बनेगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी

उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला कांगड़ा में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री से बात की है और जल्द ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का 6 से 9 अगस्त तक जिला कांगड़ा का प्रवास रहेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री जिला में कई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा व सचिव वीरेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।

Vijay