अधिकारियों को मंत्री खुलेआम कर रहे अपमानित: मुकेश अग्निहोत्री

Thursday, Oct 25, 2018 - 11:08 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): प्रदेश में सरकार द्वारा लगातार दबाव व धमकी की ताकत का प्रदर्शन किया जा रहा है। अधिकारियों को कार्रवाई का खौफ दिखाकर हौव्वा खड़ा किया जा रहा है। यह बात यहां जारी बयान में नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कही। उन्होंने कहा कि पहले कर्मचारियों के हजारों की संख्या में तबादले किए गए। फिर अधिकारियों को ताश के पत्तों की तरह फैंटा गया। अभी भी 9 माह होने के बाद सरकार अधिकारियों पर भरोसा नहीं जता पा रही है। 

जनमंच में सरकार के मंत्री अधिकारियों को खुलेआम लताड़ लगाकर अपमानित कर रहे हैं और अब सत्ता का नशा उनके सिर चढ़कर बोलने लगा है। इस वजह से खौफ सामने नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के वीडियो वायरल हो रहे हैं और मंत्री अपनी साख बचाने के लिए अधिकारी को सस्पैंड करवा रहे हैं जिससे अधिकारियों व कर्मचारियों का मनोबल टूटेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को प्रदेश में विकास के लिए सत्ता सौंपी है न कि तानाशाह बनने के लिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विफलता के नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। नित नए घमासान में मुद्दों को उलझाया जा रहा है। 

अधिकारियों व कर्मचारियों की प्रताडऩा केवल मात्र मंत्रियों को खुश करने के लिए नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध इसी प्रकार का तानाशाही रवैया जयराम सरकार ने जारी रखा तो कांग्रेस ठोक बजाकर जवाब देगी। विकास व सेवा के मुद्दों से सरकार को भटकना नहीं चाहिए। मुकेश ने कहा कि गैर मुद्दों को आगे किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री बताएं कि शिमला का नाम बदलने को लेकर क्यों हो हल्ला किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि एक मंत्री को खुश करने के लिए विवाद बनाया गया और अब यू टर्न लेना पड़ रहा है। 

 

Ekta