यमुना में अवैध खनन रोकने गए वन रक्षक पर खनन माफिया ने किया हमला

Tuesday, May 19, 2020 - 06:02 PM (IST)

पांवटा साहिब (ब्यूरो): उपमंडल के भंगानी में यमुना नदी में खनन माफिया ने वन रक्षक पर जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को शिकायत मिली कि भंगानी के पास यमुना नदी में अवैध खनन हो रहा है। सूचना मिलते ही यमुना बीट के वन रक्षक धनवीर सिंह मौके पर पहुंचे तो वहां पर कुछ ट्रैक्टर चालक रेत भर रहे थे। जब वन रक्षक ने अवैध खनन को रोकने को कहा तो खनन माफिया ने वन रक्षक पर पत्थरों से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। खनन माफिया के हमले से वन रक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल वन रक्षक को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

खनन विभाग की टीम पर पहले भी चुके हैं हमले

बताया जा रहा है कि यमुना नदी में भारी मात्रा में अवैध खनन चला हुआ है। इससे पहले भी खनन माफिया खनन विभाग की टीम पर हमला कर चुके हैं। वन विभाग ने पुरूवाला पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। उधर, वन विभाग पांवटा साहिब के डीएफओ कुनाल अंग्रीश ने बताया कि अवैध खनन रोकने गए वन रक्षक पर खनन माफिया ने जानलेवा हमला किया है, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई गई है।

Vijay