सैनिक सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार

Wednesday, Mar 08, 2017 - 03:05 PM (IST)

भोरंज: किडनी की बीमारी से ग्रस्त हवलदार उधम सिंह का देहांत हो गया और बलोह श्मशानघाट में पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। हवलदार उधम सिंह की अक्समात मृत्यु पर बलोह गांव के साथ अन्य गांवों के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों में शोक की लहर है। भोरंज उपमंडल के तहत आने वाली बलोह पंचायत के हवलदार उधम सिंह आई.टी.बी.पी. की 50वीं बटालियन में सेवारत थे। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश की बर्फीली पहाड़ियों में देश की सीमा पर तैनात थे।


किडनी के फेल होने की समस्या से थे परेशान
किडनी की बीमारी की समस्या होने के कारण उन्हें वहां से हटा दिया गया था और उनको आई.टी.बी.पी. के कैंप चंडीगढ़ में सेवाएं देने के लिए तैनात किया था। वह पिछले 2 सालों से किडनी के फेल होने की समस्या से परेशान थे। जानकारी के अनुसार हवलदार उधम सिंह की मृत्यु बीते रविवार सुबह हुई। उनके पार्थिव शरीर को चंडीगढ़ आई.टी.बी.पी. कैंप के इंस्पैक्टर विशन जसवाल की अगुवाई में मंगलवार को पैतृक गांव बलोह लाया गया। चंडीगढ़ आई.टी.बी.पी. कैंप के इंस्पैक्टर विशन जसवाल के नेतृत्व में आई.टी.बी.पी. के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया। हवलदार उधम सिंह के बेटे रवि ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। 


हवलदार उधम सिंह के हैं 2 बेटे
हवलदार उधम सिंह के 2 बेटे हैं इनमें से एक बेटा आई.टी.बी.पी. में देश की सेवा कर रहा है तथा दूसरा चंडीगढ़ में ही नौकरी करता है। उधम सिंह की पत्नी निर्मला देवी पति की मौत से बेहोशी की हालत में है। हवलदार उधम सिंह की मृत्यु पर बलोह पंचायत प्रधान अनीता देवी, उपप्रधान कुलदीप सिंह व भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष देसराज शर्मा ने भी शोक प्रकट किया है।