हिमाचल में भाजपा करेगी संगठन मजबूत, 10 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

Saturday, Aug 10, 2019 - 04:23 PM (IST)

नाहन(सतीश) : पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में होने जा रहे उपचुनाव में भाजयुमो ने फिर भाजपा की जीत का दावा किया है। ये बात भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष ने नाहन में अपने सिरमौर दौरे के दौरान कही। जिला मुख्यालय नाहन में भाजयुमो द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के दौरान सिरमौर दौरे पर आए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान ने अभियान के दौरान सिरमौर के कई युवाओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा हिमाचल में दो विधानसभा क्षेत्रों में होने जा रहे उपचुनाव में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया है कि पिछले विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव की भांति इस बार भी पच्छाद व धर्मशाला से भारतीय जनता पार्टी भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय युवा मोर्चा का हर कार्यकर्ता घर घर जाकर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियोंं को पहुंचाएगा ताकि इसका लाभ उपचुनाव में मिल सके। वहीं मीडिया से बात करते हुए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी विचारधारा वाला संगठन है जो राजनीति के साथ साथ राष्ट्र नीति करते हैं जिसको देखते हुए पार्टी ने निर्णय किया है कि देश के युवा देश के साथ जुड़ने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल में 10 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए भाजयुमो ने 4 अगस्त से 11 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया है जिसके तहत जगह जगह स्टाल लगाए गए हैं।

kirti