भाजपा विधायक दल की बैठक से इन 4 नेताओं ने किया किनारा, जानिए क्या रही वजह

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2020 - 09:39 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बुलाई गई भाजपा विधायक दल की बैठक में रमेश धवाला, डॉ. राजीव बिंदल, नरेंद्र बरागटा और विक्रम सिंह जरियाल नहीं पहुंचे। इन सभी नेताओं को मंत्री पद की रेस से जोड़कर देखा जा रहा था। ऐसा माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में जगह न मिलने के कारण ये विधायक बैठक में नहीं पहुंचे। इनमें से रमेश धवाला पहले ही सत्ता और संगठन में तालमेल न होने के कारण सवाल उठा चुके हैं। हालांकि बाद में उन्होंने इस विषय को लेकर खेद भी जताया था। इसके अलावा अन्य नेताओं ने प्रत्यक्ष तौर पर सत्ता और संगठन के प्रति किसी तरह की नाराजगी नहीं जताई है लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देख रहे हैं।

विधायक क्षेत्र विकास निधि के बहाल करने का मामला उठा

सूत्रों के अनुसार विधायक दल की बैठक में विधायक क्षेत्र विकास निधि के बहाल करने का मसला भी कुछ विधायकों की तरफ से उठाया गया था। उनका कहना था कि विधायक निधि न होने के कारण उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह सभी तरह के वित्तीय अधिकार अधिकारियों के पास हैं लेकिन अधिकारी भी इसे निर्वाचित प्रतिनिधियों की मदद से जारी नहीं करते। इसके अलावा सत्ता और संगठन से जुड़े कई अन्य विषयों को लेकर बैठक में चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप और प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा ने भी भाग लिया।

बोर्ड-निगम में तैनाती जल्द

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद निगम और बोर्ड में जल्द तैनाती हो सकती है। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को निगम-बोर्ड में एडजस्ट किया जा सकता है, जिसमें पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का नाम प्रमुख है।

नए मंत्रियों को नहीं हो पाया विभागों का आबंटन

वहीं आज देर रात तक मंत्रिमंडल में शामिल तीनों नए मंत्रियों को विभागों का आबंटन नहीं हो सका है। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने मंत्रिमंडल में शामिल कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल करना चाहते हैं, जिसके लिए वह भाजपा हाईकमान के साथ चर्चा करने के बाद ही इस पर अमल करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News