‘पंजाब केसरी’ की खबर का असर- दवाइयों को तरस रही मरीज को मिली अब यह सुविधा

Thursday, Nov 21, 2019 - 01:32 PM (IST)

चम्बा (ब्यूरो): मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा में उपचार के लिए भर्ती चुराह विधानसक्षा क्षेत्र के देवीकोठी निवासी चम्पा देवी के पास अपना उपचार करवाने के लिए पैसे नहीं हैं लेकिन पंजाब केसरी ने जैसे ही इस मामले को प्रमुखता से उठाया तो बी.पी.एल. की सूची में शामिल उक्त महिला रोगी को मुफ्त उपचार सुविधा मिलनी शुरू हो गई। इसके लिए मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा के एम.एस. ने सराहनीय कदम उठाते हुए इस उपचार सुविधा की व्यवस्था की है।

24 वर्षीय यह महिला बीते 10 दिनों से मैडीकल कालेज अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती है। उसे पहले तो 7 दिनों तक उपचार की पूरी सुविधा नहीं मिल पा रही थी। जैसे ही पंजाब केसरी ने इस गरीब महिला की स्थिति को प्रशासन व मैडीकल कालेज अस्पताल प्रबंधन के सम्मुख प्रमुखता के साथ रखा तो जहां डी.सी. चम्बा विवेक भाटिया ने उक्त महिला को रैडक्रॉस से 5 हजार रुपए की राशि जारी करने की अनुमति दे दी तो साथ ही मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा के एम.एस. डा. विनोद शर्मा ने सोमवार को ही इस महिला को रोगी कल्याण समिति के माध्यम से इन इंजैक्शनों की व्यवस्था करने के आदेश जारी कर दिए।

यह बात और है कि अभी तक इस महिला रोगी को महज एक ही इंजैक्शन अस्पताल प्रबंधन ने जारी किया है लेकिन बुधवार को जैसे ही एक बार फिर इस बारे में एम.एस.डा. विनोद शर्मा को इस बारे में बताया तो उन्होंने कहा कि इस महिला के उपचार में जितना भी खर्च आएगा उसे रोगी कल्याण समिति द्वारा वहन किया जाएगा। चंपा देवी की माता लच्छी देवी का कहना है कि गरीबी की वजह से उसे ऐसा आभास होने लगा था कि उसकी बेटी शायद ही अब बच पाएगी। निराशा के इस दौर में पंजाब केसरी ने उसकी बेटी को सही मायने में नया जीवन देने की भूमिका निभाई है। अब उसकी बेटी को मुफ्त में 30 से 40 हजार रुपए के इन इंजैक्शनों की व्यवस्था होने से उसका सही उपचार हो सकेगा।


 

kirti