Property Tax को लेकर सख्त हुआ MC, 3 हजार Defaulters की संपत्ति होगी अटैच

Saturday, Jul 14, 2018 - 03:14 PM (IST)

शिमला: राजधानी के 3 हजार प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों की संपत्ति नगर निगम अटैच (कुर्क) करने जा रहा हैञ्। वर्षों से निगम को संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने पर अब प्रशासन सख्त हो गया है, ऐसे में एम.सी. सैक्शन 124 के तहत 3 हजार डिफाल्टरों को नोटिस जारी करने जा रहा है। सोमवार से इन डिफाल्टरों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी। अब तक निगम ने इन डिफाल्टरों को रिमाइंडर नोटिस भेजे थे लेकिन इसके बाद भी टैक्स का भुगतान नहीं किया गया है, ऐसे में मजबूरन निगम इन डिफाल्टरों की संपत्ति अटैच करेगा ताकि इनकी संपत्ति से टैक्स की वसूली की जा सके।


अब तक 25 बड़े डिफाल्टरों को नोटिस भेजे
अब तक नगर निगम द्वारा शहर के 25 बड़े डिफाल्टरों को ही सैक्शन 124 के तहत नोटिस भेजे गए हैं। इसके तहत किराएदारों से टैक्स की वसूली की जा रही है लेकिन अब घरेलू व कमर्शियल उपभोक्ता, जिसमें 3 हजार लोग शामिल हंै, जिन्हें नोटिस भेजे जाएंगे। नगर निगम अपने खाली हो चुके खजाने को भरने के लिए लंबित पड़े टैक्स की वसूली करने जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि यदि डिफाल्टर टैक्स का भुगतान नहीं करते हैं तो उनकी संपति कुर्क कर टैक्स की वसूली की जाएगी।


चैक बाऊंस होने पर 2 डिफाल्टरों को सैक्शन 138  के तहत नोटिस जारी
नगर निगम को प्रापर्टी टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले डिफाल्टरों को निगम ने सैक्शन 124 के तहत नोटिस जारी किए थे, ऐसे में 2 डिफाल्टरों ने संपत्ति अटैच होने के डर से निगम को चैक थमाए थे लेकिन बाद में दोनों ही डिफाल्टरों के चैक बाऊंस हो गए थे। शहर के बड़े होटल कारोबारी ने एम.सी. को 6 लाख रुपए का चैक दिया था जबकि इससे निगम को 10 लाख से अधिक की टैक्स वसूली करनी थी इसके अलावा चक्कर के कारोबारी ने भी निगम को 1 लाख 65 हजार रुपए का चैक दिया था दोनों ही चैक बाऊंस हो गए हैं, ऐसे में निगम ने सैक्शन 138 के तहत इन्हें नोटिस दिए हैं।


टैक्स से निगम को हुई 12 करोड़ रुपए की आमदनी
प्रॉपर्टी टैक्स से नगर निगम को अब तक 12करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है जबकि 6 हजार उपभोक्ताओं द्वारा संपत्ति कर का भुगतान अब तक निगम को नहीं किया गया है। निगम को संपत्ति कर से 7 करोड़ की आमदनी होना अभी शेष रह गई है। वर्ष 2018-19 में निगम को प्रॉपर्टी टैक्स से कुल 18 करोड़ रुपए की आय होना प्रस्तावित है।

Vijay